शराब पीते समय विवाद के बाद फायरिंग, पेट और कंधे में गोली लगने से युवक घायल

गाजियाबाद: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सटे गाजियाबाद जिले के विजयनगर थाना क्षेत्र में रविवार की देर शाम शराब पीने के दौरान उपजे आपसी विवाद में खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। माता कॉलोनी में रहने वाले अमन कुमार नामक युवक ने अपने ही दोस्त आकाश बिहारी के साथ हुई धक्का-मुक्की और कहासुनी के बाद उस पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में पेट और कंधे पर गोली लगने से आकाश बिहारी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और खून से लथपथ घायल युवक को फौरन इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसकी हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के संबंध में डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि फरार आरोपी अमन कुमार की धरपकड़ और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।

Latest news

Related news