विधानसभा में स्वतंत्रता दिवस समारोह, सचिव दिनेश शर्मा ने ध्वजारोहण कर मनाया आजादी का पर्व

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय में आज स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व अत्यंत उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विधानसभा परिसर में आयोजित इस समारोह में विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के उपरांत दिनेश शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा सचिवालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भेजे गए संदेश का वाचन किया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने संदेश में कहा कि आज का यह पावन दिवस हमारे असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करने, उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लेने तथा हम सभी देशवासियों के लिए आत्म-अवलोकन का दिन है। उन्होंने अपने संदेश में इस बात पर जोर दिया कि हमें यह विचार करना चाहिए कि हम अपने राष्ट्रीय दायित्वों को पूरा करने के प्रति कितने सजग और समर्पित हैं।

डॉ. रमन सिंह ने आगे कहा कि वास्तव में आज का दिन उन अनगिनत शहीदों की शहादत को नमन करने का है, जिनके बलिदानों की नींव पर ही स्वतंत्र भारत की इमारत खड़ी हुई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि हम सभी अपने कार्यों, विचारों और व्यवहार के माध्यम से एक समृद्ध और सुदृढ़ भारत के सपने को साकार करने के लिए सार्थक एवं सकारात्मक पहल सुनिश्चित करें। साथ ही, उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि वे व्यक्तिगत प्रयासों से भारतीय स्वतंत्रता की गौरवशाली गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के संकल्प में अपना सक्रिय योगदान दें।

Latest news

Related news