Awarapan 2 Review: अगर आप ‘आवारापन 2’ देखने का प्लान बना रहे हैं, तो मेरी छोटी सी सलाह यही होगी कि थिएटर जाने से पहले पहला पार्ट ज़रूर देख लें. इससे आपको फिल्म का बेसिक मिज़ाज समझने में काफी आसानी होगी. वैसे, मेकर्स ने फिल्म की शुरुआत में ही पुरानी झलकियों के ज़रिये पूरी कहानी रीकैप करा दी है.
फिल्म: आवारापन 2
कलाकार: इमरान हाशमी, दिशा पाटनी, शबाना आज़मी, पूरन गब्बी, सुविंदर विक्की और विजयंत कोहली
निर्देशक: नितिन कक्कड़
रिलीज़ डेट: 14 अगस्त 2026
रनटाइम: 140 मिनट
रेटिंग: 4 स्टार्स
कहां देखें: सिनेमाघर
कहानी : इस बार शिवम पंडित का किरदार काफी बदला हुआ दिखता है. आलिया की यादें आज भी उसके दिल में ज़िंदा हैं. कहानी में असली ट्विस्ट तब आता है जब आलिया की कब्र के पास उसे एक रोती हुई नवजात बच्ची मिलती है, जिसे वो अनाथालय पहुँचाता है और नाम रखता है—’आलिया’. लेकिन जब सालों बाद वही बच्ची ह्यूमन ट्रैफिकिंग का शिकार हो जाती है, तो शिवम उसे बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हो जाता है.
अदाकारी की बात करें तो इमरान हाशमी को देखकर बस यही मुंह से निकलता है—’अक्खा बॉलीवुड एक तरफ और इमरान हाशमी एक तरफ!’ लंबी ज़ुल्फ़ें, चीखती-खामोश आँखें और ऊपर से उनकी टोन्ड सिक्स-पैक बॉडी! लड़के जिम जाने के लिए मोटिवेट हो जाएँगे और लड़कियाँ तो दीवानी ही हो जाएँगी.
फिल्म में विलेन का काम देख रहे शबाना आज़मी और पूरन गब्बी का मुकाबला ही अलग है. शबाना जी का स्क्रीन-टाइम भले ही कम हो, लेकिन उनका आभामंडल काफी असर छोड़ता है. वहीं पूरन गब्बी की बॉडी लैंग्वेज और ख़ौफ़नाक अंदाज़ काफी इम्प्रेसिव है. दिशा पाटनी ने भी अपने अभिनय से यह साबित कर दिया है कि वो ‘जस्ट ए प्रीटी फेस’ नहीं हैं, बल्कि सीरियस रोल्स भी कर सकती हैं. सुविंदर विक्की और विजयंत कोहली ने भी अपने रोल में पूरी ईमानदारी दिखाई है.
नितिन कक्कर का डायरेक्शन काफी इंगेजिंग है. फिल्म के डायलॉग्स पहली फिल्म से भी ज्यादा गहरे हैं और आपको सोचने पर मजबूर कर देते हैं. म्यूजिक तो पहले से ही रील्स और चार्टबस्टर्स पर छाया हुआ है और सबसे अच्छी बात यह है कि सारे गाने फिल्म की सिचुएशन के साथ एकदम परफेक्ट सिंक होते हैं. बस अगर एडिटिंग को थोड़ा और क्रिस्प (Crisp) रखा जाता, तो पेसिंग थोड़ी और कसी हुई लगती.
नॉस्टेलजिया से भरपूर ‘आवारापन 2’ एक्शन और थ्रिल के साथ-साथ प्यार और इंसानियत का एक खूबसूरत मैसेज भी देती है। इसे आप पूरे परिवार के साथ आसानी से एन्जॉय कर सकते हैं.

