देहरादून में 15 अगस्त को ट्रैफिक प्लान: परेड ग्राउंड जीरो जोन, कई रूट डायवर्ट

August 15 Dehradun Traffic Plan देहरादून: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का विस्तृत प्लान जारी कर दिया है. 15 अगस्त को परेड ग्राउंड के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह जीरो जोन रहेगा. इस दौरान केवल अधिकृत वीआईपी और पासधारक वाहनों को निर्धारित प्वाइंट तक जाने की अनुमति होगी. आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा.

August 15 Dehradun Traffic Plan: डीएम और एसएसपी ने किया परेड ग्राउंड का निरीक्षण

डीएम आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने परेड ग्राउंड पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की.

पूरे आयोजन की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी को सौंपी गई है. सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल को चार सेक्टर और दो कॉर्डन में बांटा गया है. प्रत्येक सेक्टर और कॉर्डन की जिम्मेदारी सीओ स्तर के अधिकारियों को दी गई है.

12 प्वाइंट पर बैरियर लगाकर तैनात रहेगी पुलिस

परेड ग्राउंड और उसके आसपास सुरक्षा के लिए इनर और आउटर क्षेत्र में बैरियर लगाए जाएंगे. करीब 12 प्रमुख प्वाइंट पर पुलिस बल तैनात रहेगा. इन स्थानों से वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा.

आउटर प्वाइंट से केवल पासधारक वाहनों को प्रवेश

ईसी रोड सर्वे चौक, बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक और पैसिफिक तिराहा समेत निर्धारित छह आउटर प्वाइंट से केवल वीआईपी और पासधारक वाहनों को आगे जाने की अनुमति होगी.

वहीं, रोजगार तिराहा, कनक चौक, लैंसडौन चौक और कॉन्वेंट तिराहा समेत पांच इनर प्वाइंट पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. इन स्थानों से केवल अधिकृत पासधारक वाहन ही आगे जा सकेंगे.

वीआईपी वाहनों के लिए गेट नंबर एक निर्धारित किया गया है. यहां से प्रवेश करने वाले वाहनों को मंच के पीछे निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया जाएगा.

15 अगस्त को बदलेंगे पब्लिक ट्रांसपोर्ट के रूट

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सार्वजनिक परिवहन के रूट में भी बदलाव किया जाएगा. धर्मपुर, रायपुर, आईएसबीटी, प्रेमनगर और राजपुर की ओर जाने वाले विक्रम वाहनों को आयोजन स्थल से पहले ही निर्धारित स्थानों से वापस भेजा जाएगा.

इन वाहनों को सहस्रधारा क्रॉसिंग, रेलवे गेट और तहसील चौक जैसे स्थानों से डायवर्ट किया जाएगा. सिटी बसों के संचालन में भी बदलाव रहेगा.

आईएसबीटी से राजपुर जाने वाली बसें दर्शनलाल चौक से घंटाघर होते हुए आगे जाएंगी. रिस्पना और रायपुर की ओर से आने वाली बसों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा.

इन जगहों पर पार्क होंगे आम लोगों के वाहन

परेड ग्राउंड में आने वाले आम लोगों, परेड प्रतिभागियों, पुलिसकर्मियों और मीडिया के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है. वाहन रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज और दून क्लब में पार्क किए जा सकेंगे.

इन पार्किंग स्थलों से दर्शक पैदल गेट नंबर चार और पांच के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे.

राजपुर रोड की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए सेंट जोसेफ स्कूल के किनारे और लॉर्ड वेंकटेश वेडिंग प्वाइंट पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.

15 अगस्त को घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान

स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए देहरादून पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से परेड ग्राउंड के आसपास के मार्गों पर जाने से बचें. जिन लोगों को इन मार्गों से होकर गुजरना है, वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें.

खास तौर पर परेड ग्राउंड के आसपास रहने वाले लोगों और राजपुर रोड, रायपुर, धर्मपुर, आईएसबीटी व प्रेमनगर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को 15 अगस्त की यातायात व्यवस्था का ध्यान रखना होगा.

Latest news

Related news