शिवपाल यादव का भाजपा पर निशाना, बोले- जनता के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए हो रही धर्म की राजनीति

मुरादाबाद: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया है कि देश और प्रदेश की सरकार किसानों, युवाओं, व्यापारियों और आम जनता की बुनियादी समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता आसमान छूती महंगाई, गंभीर बेरोजगारी और कारोबारियों की परेशानियों से त्रस्त है, लेकिन भाजपा इन जरूरी मुद्दों पर काम करने के बजाय समाज को बांटने के हथकंडे अपना रही है। मथुरा में कारसेवा की बात करना भी इसी एजेंडे का एक हिस्सा है।

श्री राम मंदिर और न्यायालय के सम्मान पर कही ये बात

दिल्ली की ओर से मुरादाबाद पहुंचे शिवपाल यादव का पाकबड़ा के जीरो प्वाइंट पर समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी कभी भी श्री राम मंदिर की विरोधी नहीं रही है। उन्होंने कहा कि मंदिर देश की सर्वोच्च अदालत के आदेश से बना है और सपा हमेशा से न्यायपालिका के फैसलों और सम्मान का आदर करती आई है।

उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा इस निर्माण का पूरा श्रेय खुद लेना चाहती है, लेकिन चंदा चोरी और अन्य मामलों को दबाने के लिए अब समाज को आपस में बांटने के नए-नए तरीके खोजे जा रहे हैं।

आजम खान और संभल मामले पर सरकार को घेरा

पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के प्रकरण पर बोलते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि उनके ऊपर तमाम फर्जी और झूठे मुकदमे थोपे गए हैं, यहां तक कि उन पर मुर्गी चोरी जैसे बेबुनियाद आरोप भी लगाए गए। उन्होंने संभल की न्यायिक जांच के बहाने सपा नेताओं को फंसाने की साजिश रचे जाने का भी आरोप लगाया और स्पष्ट किया कि इस बार जनता और पार्टी इस तरह की किसी भी चाल को कामयाब नहीं होने देगी।

2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य

आगामी राजनीतिक रणनीतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाने का पूरा मन बना चुकी है। इसी उद्देश्य के साथ वह पूरे प्रदेश का तूफानी दौरा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रामपुर जेल जाकर आजम खान से मुलाकात करने के बाद उनका जौहर विश्वविद्यालय जाने का भी कार्यक्रम है।

शिवपाल यादव ने दो टूक कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा छात्रों, युवाओं और जौहर विश्वविद्यालय के हितों के साथ खड़ी है। बसपा के साथ किसी भी तरह के गठबंधन से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ फिलहाल गठबंधन बरकरार है। पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की गुटबाजी के सवाल को टालते हुए उन्होंने अंत में कहा कि सभी लोग अपने हैं और आपसी बैठकों के जरिए सारे गिले-शिकवे दूर कर लिए जाएंगे। हम सबका एकमात्र लक्ष्य आगामी 2027 में भारी बहुमत के साथ समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना है।

Latest news

Related news