गुरुग्राम: बादशाहपुर के सेक्टर-49 स्थित रोजवुड सिटी के कम्युनिटी सेंटर को लेकर स्थानीय निवासियों और प्रबंधकों के बीच उपजा विवाद एक बार फिर गंभीर रूप से गहरा गया है। रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के प्रतिनिधियों ने जिला उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री जन शिकायत समिति के स्पष्ट निर्देशों और जिला नगर योजनाकार (STP) गुरुग्राम के लिखित आदेशों की अवहेलना करते हुए कम्युनिटी सेंटर के मुख्य गेट पर एक बार फिर से ताला जड़ दिया गया है।
क्या है पूरा विवाद?
आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के अनुसार, इससे पहले मुख्यमंत्री जन शिकायत समिति के समक्ष चली सुनवाई में कम्युनिटी सेंटर का ताला खोलकर उसे निवासियों के उपयोग के लिए सुलभ बनाने के निर्देश दिए गए थे। उच्चाधिकारियों और एसटीपी गुरुग्राम के आधिकारिक आदेशों के बाद स्थानीय प्रशासन के सहयोग से गेट खुलवाया गया था, लेकिन आरोप है कि कियाज एस्टेट एलएलपी (Kijaz Estate LLP) द्वारा मनमाने तरीके से दोबारा ताला लगा दिया गया है, जिसके कारण स्थानीय निवासी अपने सामाजिक और धार्मिक आयोजनों से वंचित हो रहे हैं।
निजी बाउंसरों की तैनाती से दहशत का माहौल
शिकायत में यह भी बताया गया है कि कम्युनिटी सेंटर के बाहर लगभग 10 से 15 निजी बाउंसरों को तैनात किया गया है, जिसके चलते सोसाइटी के निवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्थिति इतनी विकट हो गई कि कम्युनिटी सेंटर के भीतर पूजा-पाठ की अनुमति न मिलने के कारण निवासियों को मजबूरन गेट के बाहर ही टेंट लगाकर धार्मिक अनुष्ठान करना पड़ा।
आरडब्ल्यूए ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए कम्युनिटी सेंटर का ताला हटवाने, तैनात किए गए बाउंसरों को वहां से हटाने और आधिकारिक आदेशों की सरेआम धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की पुरजोर मांग की है।

