मैकेनिक का काम करते पकड़ा गया बांग्लादेशी युवक, रायपुर पुलिस ने छापा मारकर दबोचा

रायपुर: राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संजय नगर इलाके से शेख रेहान नाम के इस युवक को अपनी गिरफ्त में लिया है।

किराए के मकान में रहकर चलाता था दुकान

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी 31 वर्षीय शेख रेहान है, जो संजय नगर में किराए के मकान में रहता था। टिकरापारा इलाके में उसकी गाड़ी सुधारने की एक छोटी सी मैकेनिक की दुकान भी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रेहान साल 2000 में महज 5 साल की उम्र में अपने माता-पिता के साथ इस शहर में आया था। यहीं पर उसने अपनी पढ़ाई पूरी की और करीब 26 सालों से लगातार यहीं रह रहा था।

फर्जी दस्तावेज और पासपोर्ट भी बनवाए

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि रेहान और उसके परिजनों ने स्थानीय स्तर पर पहचान पत्र और अन्य भारतीय दस्तावेज तैयार करवा लिए थे। इसके अलावा, उसका भारतीय पासपोर्ट भी बना हुआ था, जिसकी मदद से वह वीजा के जरिए अपने पैतृक गांव बांग्लादेश के पार्वतीपुर आना-जाना करता था।

पुलिस रेड से बचकर भागा था आरोपी

बीते साल चलाए गए विशेष अभियान के दौरान रेहान अपने माता-पिता के साथ यहां से फरार होकर पहले कोलकाता और फिर सड़क मार्ग के रास्ते बांग्लादेश चला गया था। वहां कुछ महीने बिताने के बाद वह चुपचाप वापस भारत लौट आया और अलग-अलग ठिकानों पर छिपकर रहने लगा। पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सोमवार को संजय नगर में छापेमारी कर उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसके तमाम दस्तावेज और पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं, जबकि उसके माता-पिता की तलाश अभी भी जारी है।

Latest news

Related news