बांकीपुर में धीमी वोटिंग,लेकिन युवा मतदाताओं का उत्साह बरकरार,सबकी नजर Gen Z पर

Bankipur By-election 2026  पटना : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है. सुबह के समय वोट डालने की गति थोड़ी धीमी रही. सुबह 9 बजे तक केवल 4.61 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला, जबकि 2025 के चुनाव में इस समय तक 7.12 प्रतिशत मतदान हुआ था. हालांकि, सुबह 11 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 11.50 प्रतिशत तक पहुंच गया.

धीमी वोटिंग के बीच सबसे खास बात यह रही कि युवा मतदाता (Gen Z) बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंचे. इनमें भी लड़कियों की संख्या सबसे ज्यादा देखी गई. इसके बाद से ही यह चर्चा शुरू हो गई है कि युवाओं का वोट किस पार्टी को मिलेगा. हाल ही में यही युवा NEET पेपर लीक के खिलाफ सड़कों पर उतरे थे.

Bankipur By-election 2026 : बांकीपुर में युवाओं की भूमिका क्यों है अहम?

बांकीपुर क्षेत्र में पटना यूनिवर्सिटी, NIT पटना, BN कॉलेज, साइंस कॉलेज और एएन कॉलेज जैसे कई बड़े शैक्षणिक संस्थान और हॉस्टल हैं. यहां हर साल हजारों छात्र पढ़ने आते हैं.

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, बांकीपुर में कुल 3.79 लाख मतदाता हैं. इनमें से लगभग 1.20 से 1.35 लाख मतदाता 18 से 29 साल के हैं. यानी कुल वोटरों में करीब एक-तिहाई युवा हैं. इसी वजह से युवाओं को इस उपचुनाव का सबसे बड़ा निर्णायक माना जा रहा है.

वोट डालने के बाद ज्यादातर युवा किसी पार्टी का नाम लेने से बचते दिखे. उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि उन्होंने पढ़ाई, रोजगार और विकास के मुद्दों पर अपना वोट दिया है.

छात्र आंदोलन का दिखा असर

NEET पेपर लीक के विरोध में हुए आंदोलनों ने युवाओं को राजनीति में ज्यादा सक्रिय कर दिया है. प्रतियोगी परीक्षाओं, शिक्षा और नौकरियों के मुद्दे पर युवा लगातार आवाज उठा रहे हैं.

गैर-स्थानीय प्रचारकों पर पुलिस की कार्रवाई

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय ने बताया कि निर्वाचन आयोग की 48 घंटे की मौन अवधि के नियमों का उल्लंघन करने की आशंका में कुछ गैर-स्थानीय प्रचारकों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है.

पुलिस के अनुसार दूसरे जिलों से आए कुछ लोगों के चुनाव प्रचार में शामिल होने की सूचना मिलने पर आयोग के निर्देशों के अनुरूप कानूनी कार्रवाई की गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

जन सुराज और भाजपा समर्थकों में नोकझोंक

मतदान के दौरान बुद्धा कॉलोनी और पीएनटी कॉलोनी स्थित कुछ मतदान केंद्रों पर जन सुराज और भाजपा समर्थकों के बीच हल्की नोकझोंक हुई.हालांकि पुलिस और सुरक्षा बलों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को सामान्य कर दिया. फिलहाल सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है.

1.17 लाख रुपये बरामद, वोटरों को प्रभावित करने का शक

मतदान के बीच पीरबहोर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के पास से 1 लाख 17 हजार रुपये बरामद किए गए हैं. पुलिस को आशंका है कि इस रकम का इस्तेमाल मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता था. मामले की जांच जारी है और बरामद राशि के स्रोत की भी पड़ताल की जा रही है.

प्रशांत किशोर का आरोप- 16 से अधिक नेताओं को हिरासत में लिया गया

जन सुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने मतदान शुरू होने से पहले पूजा-अर्चना की. इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी पार्टी के 16 से अधिक नेताओं को हिरासत में लिया है.

प्रशांत किशोर ने कहा कि उनके नेताओं को अलग-अलग थानों में ले जाया गया और काफी देर तक यह जानकारी नहीं दी गई कि उन्हें कहां रखा गया है. उनका आरोप है कि यह कार्रवाई चुनाव प्रक्रिया से नेताओं को दूर रखने के उद्देश्य से की गई. उन्होंने कहा कि यदि किसी ने कानून का उल्लंघन किया है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए, लेकिन बिना कारण हिरासत में लेना उचित नहीं है.

भाजपा के पत्र का किया स्वागत

प्रशांत किशोर ने भाजपा की ओर से जारी उस अपील का भी स्वागत किया, जिसमें फर्जी मतदान रोकने के लिए मतदाता पहचान पत्र और मतदाता सूची का सख्ती से मिलान करने की मांग की गई है. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए ऐसी व्यवस्था का सभी दलों को समर्थन करना चाहिए.

बांकीपुर सीट पर कड़ा मुकाबला

बांकीपुर सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है. इस बार यहां प्रशांत किशोर की चुनावी एंट्री ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है. दूसरी ओर आरजेडी भी इस सीट पर बेहतर प्रदर्शन की कोशिश में जुटी है. ऐसे में इस उपचुनाव के नतीजों पर पूरे बिहार की नजर बनी हुई है. चुनाव के नतीजे 3 अगस्त को आयेंगे.

Latest news

Related news