यूपी में भारी बारिश का कहर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को फील्ड पर उतरने के दिए आदेश

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में जारी मूसलाधार बारिश और आसमानी आफत को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग पर कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में अत्यधिक वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि, पशु हानि तथा आर्थिक नुकसान का कड़ा संज्ञान लिया. उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए प्रशासनिक अमले को युद्धस्तर पर जुटने के निर्देश दिए हैं.

पीड़ितों को 24 घंटे में मुआवजा, अधिकारियों को सीधे फील्ड पर जाने की हिदायत

सीएम योगी ने आपदा प्रबंधन में संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी वरिष्ठ अधिकारियों को दफ्तर छोड़ फील्ड पर निकलने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ितों से सीधा संवाद स्थापित करें और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं. मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान का आकलन कर अगले 24 घंटे के भीतर पीड़ित परिवारों को अनुमन्य मुआवजा राशि प्रदान कर दी जाए। राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

UP Weather Update: बलरामपुर और बहराइच समेत कई जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य सरकार ने कई जिलों के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है. बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में ‘रेड अलर्ट’ घोषित किया गया है. इसके अलावा गोरखपुर, अयोध्या, कानपुर और मुरादाबाद समेत कई जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और मेरठ जैसे शहरों में ‘येलो वार्निंग’ जारी की गई है.
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि आकाशीय बिजली चमकने के दौरान वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें. साथ ही, अतिवृष्टि के समय उफनती नदियों और जलाशयों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें और सुरक्षित स्थानों पर रहें.

ये भी पढ़ें-CJP संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा पर दिल्ली पुलिस ने 4 केस दर्ज किए, 2 और केस होंगे दर्ज

Latest news

Related news