Sonam Wangchuk Health नई दिल्ली: जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता लगातार बढ़ती जा रही है. इस बीच उनकी पत्नी गीतांजलि डी. अंगमो ने सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को पत्र लिखकर वांगचुक को किसी अन्य अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग की है. उन्होंने इलाज में पारदर्शिता की कमी और मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराए जाने पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
पत्र में गीतांजलि ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल जांच रिपोर्ट की प्रतियां देने से इनकार कर दिया. साथ ही, वांगचुक की निगरानी कर रहे नियमित चिकित्सकों को भी उनसे मिलने और उनकी स्थिति का आकलन करने की अनुमति नहीं दी गई. उनका कहना है कि इससे परिवार का भरोसा कम हुआ है और चिंता बढ़ी है.
Sonam Wangchuk Health:पोटेशियम लेवल में गिरावट पर बढ़ी चिंता
पत्र के अनुसार, शनिवार सुबह अस्पताल की मेडिकल टीम ने जानकारी दी कि सोनम वांगचुक का पोटेशियम स्तर 2.9 रह गया है, जबकि 17 जुलाई की शाम 4:16 बजे हुई जांच में यह 4.3 था. पत्नी ने इस अचानक आई गिरावट पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि परिवार को इसकी विस्तृत मेडिकल जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए.
गीतांजलि ने पत्र में अनुरोध किया कि वांगचुक को बेहतर चिकित्सा सुविधा वाले दूसरे मेडिकल सेंटर में स्थानांतरित किया जाए और जल्द से जल्द डिस्चार्ज या ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी की जाए.
पारदर्शिता की कमी का लगाया आरोप
पत्र में कहा गया है कि मेडिकल रिपोर्ट साझा न करने और नियमित डॉक्टरों को मरीज से मिलने की अनुमति न देने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है. उन्होंने अस्पताल प्रशासन से इलाज की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने की अपील की है.
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इस घटनाक्रम के बीच सफदरजंग अस्पताल और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. पुलिस और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
हालांकि, सफदरजंग अस्पताल की ओर से अभी तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ऐसे में पत्नी के आरोपों और अस्पताल के पक्ष को लेकर स्थिति स्पष्ट होना अभी बाकी है. यही वजह है कि इस मामले में आगे की आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

