हाईवे पर मौत बनकर दौड़ा ट्रक, टायर बदल रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत

गन्नौर (सोनीपत): सोनीपत के गन्नौर में जीटी रोड पर बाल भवन स्कूल के समीप बुधवार देर रात एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद मामले की सूचना तुरंत बड़ी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है।

समालखा से लौट रहे थे दोस्त

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गन्नौर के शाहपुर तगा गांव का रहने वाला मोहित, फरीदाबाद के गिरोरा का रहने वाला अमित और उनका तीसरा साथी उमेश कार में सवार होकर समालखा की तरफ से गन्नौर वापस लौट रहे थे। तीनों दोस्त देर रात अपनी मंजिल की ओर बढ़ ही रहे थे कि रास्ते में काल बनकर आए एक वाहन ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया।

टायर बदलते समय ट्रक ने कुचला

हादसे की मुख्य वजह कार का पंक्चर होना रही। रास्ते में अचानक कार का टायर पंक्चर होने के कारण तीनों युवकों ने गाड़ी को जीटी रोड के किनारे रोका और नीचे उतरकर टायर बदलने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने तीनों को अपनी चपेट में लेते हुए जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं घायल उमेश को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।

Latest news

Related news