Bankipur By-Election : बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ने गुरुवार (9 जुलाई) को पटना समाहरणालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, एनडीए के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे.
नामांकन दाखिल करने के साथ ही अभिषेक कुमार सिन्हा के चुनावी एफिडेविट में उनकी शिक्षा, संपत्ति, बैंक खातों, आभूषणों और आपराधिक रिकॉर्ड से जुड़ी जानकारी भी सार्वजनिक हो गई है.
Bankipur By-Election:10वीं पास हैं अभिषेक कुमार सिन्हा
चुनाव आयोग में दाखिल शपथ पत्र के अनुसार, अभिषेक कुमार सिन्हा ने केवल 10वीं तक की शिक्षा प्राप्त की है. उन्होंने वर्ष 2000 में मध्यमा बोर्ड से परीक्षा उत्तीर्ण की थी. उनकी स्कूली शिक्षा दरभंगा स्थित चौधरी संस्कृत सेकेंडरी स्कूल से हुई है.
कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं
एफिडेविट के अनुसार अभिषेक कुमार सिन्हा के खिलाफ कोई लंबित आपराधिक मामला नहीं है. इसके अलावा उन्हें अब तक किसी भी मामले में दोषी भी घोषित नहीं किया गया है. साफ छवि को बीजेपी चुनावी अभियान में प्रमुख मुद्दे के रूप में पेश कर सकती है.
नकद और बैंक खातों में कितनी रकम?
अभिषेक कुमार सिन्हा ने अपने हलफनामे में बताया है कि उनके पास 70 हजार रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी अमृता के पास 50 हजार रुपये नकद हैं.
बैंक खातों की बात करें तो अभिषेक के नाम तीन बैंक खाते हैं, जिनमें कुल करीब 29,465 रुपये जमा हैं। वहीं उनकी पत्नी के भी तीन बैंक खाते हैं, जिनमें एक खाते में 15,021 रुपये, दूसरे में 5,445 रुपये, जबकि तीसरे खाते में कोई राशि नहीं है.
सोने की चेन, अंगूठी और पत्नी के पास लाखों के गहने
एफिडेविट में दर्ज जानकारी के अनुसार अभिषेक कुमार सिन्हा के पास एक सोने की चेन और सोने की अंगूठी है.
- 5 ग्राम की सोने की चेन की अनुमानित कीमत लगभग 66,250 रुपये बताई गई है.
- 6 ग्राम की सोने की अंगूठी की कीमत करीब 79,500 रुपये है.
वहीं उनकी पत्नी अमृता के पास लगभग 32 ग्राम सोने और 400 ग्राम चांदी के आभूषण हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 5.22 लाख रुपये बताई गई है.
कार और बाइक के भी हैं मालिक
चुनावी हलफनामे में अभिषेक कुमार सिन्हा ने बताया है कि उनके पास एक कार और एक मोटरसाइकिल भी है. इसके अलावा उन्होंने अपनी चल और अचल संपत्तियों से जुड़ी अन्य जानकारियां भी चुनाव आयोग के समक्ष प्रस्तुत की हैं.
नामांकन के साथ चुनावी मुकाबला तेज
बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. बीजेपी ने अभिषेक कुमार सिन्हा को मैदान में उतारकर चुनावी अभियान को गति दे दी है. अब सभी की निगाहें विपक्षी दलों के उम्मीदवारों और चुनाव प्रचार पर टिकी हैं.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बांकीपुर का उपचुनाव बिहार की आगामी राजनीतिक दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण मुकाबलों में से एक साबित हो सकता है.

