Sultanpur viral video : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में भाजपा की जिला कोषाध्यक्ष पूजा कसौधन और उनके बेटे रौनक कसौधन पर एक दलित युवक के साथ मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी करने और पुलिस चौकी के भीतर थप्पड़ मारने का आरोप लगा है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया. वहीं, चौकी प्रभारी की भूमिका को लेकर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.
🚨 सुल्तानपुर: BJP जिला कोषाध्यक्ष का वीडियो वायरल
➡️ BJP जिला कोषाध्यक्ष पूजा कसौधन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।
➡️ पुलिस चौकी के अंदर एक युवक को थप्पड़ मारते हुए वीडियो सामने आया।
➡️ चौकी इंचार्ज अविनाश चन्द्र मौके पर मौजूद रहे, लेकिन युवक को नहीं रोका गया।
➡️ वीडियो में… pic.twitter.com/XW0dwFbhM0
— NCR पत्रिका (@ncrpatrika) July 9, 2026
Sultanpur viral video: चौराहे पर रोककर मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप
पीड़ित अरुण कुमार कोरी कोतवाली नगर क्षेत्र के पल्टू का पुरवा के निवासी हैं और मुरारी दास गली स्थित एक व्यापारिक प्रतिष्ठान में कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं. आरोप है कि 8 जुलाई को व्यावसायिक कार्य से जाते समय शाहगंज चौराहे के पास पूजा कसौधन और उनके बेटे ने उन्हें रोक लिया.
पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जातिसूचक शब्द कहे गए और नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया गया. अपनी जान बचाने के लिए वह शाहगंज पुलिस चौकी परिसर में पहुंच गए.
पुलिस चौकी के अंदर थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल
आरोप है कि पुलिस चौकी में पहुंचने के बाद भी विवाद नहीं रुका. वायरल वीडियो में भाजपा नेत्री कथित तौर पर चौकी प्रभारी अविनाश चन्द्र की मौजूदगी में पीड़ित को थप्पड़ मारती हुई दिखाई दे रही हैं. पीड़ित का आरोप है कि उनका मोबाइल भी छीनकर चेक किया गया और उन्हें धमकाया गया.
वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया.
SP के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली नगर में पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस चौकी में चौकी प्रभारी की मौजूदगी के बावजूद हुई घटना को गंभीरता से लिया गया है। चौकी प्रभारी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस ने क्या कहा?
सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह के अनुसार, प्राथमिक जांच में महिला और शिकायतकर्ता के बीच पुराने जमीन संबंधी विवाद की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की विधिक जांच की जा रही है.
वहीं, वायरल वीडियो में भाजपा नेत्री युवक पर उनका पीछा करने का आरोप लगाती हुई भी दिखाई दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

