Delhi-NCR Rain : दिल्ली-एनसीआर में पिछले लगभग 24 घंटे से लगातार रुक रुक कर हो रही बारिश एक बार फिर से लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है. राजधानी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में कई जगह जलभराव, सड़क धंसने और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं. हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जबकि गुरुग्राम में एक बहुमंजिला सोसाइटी की बालकनी गिरने से लोगों में दहशत फैल गई. कई ईलाकों में प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है. क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और घटनाओं की जांच भी की जा रही है.
एक दिन की बारिश…नोयडा के औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर 62-63 की सड़कों का ये हाल…हालत ये है कि लोग अपने कार्यलयों तक पहुंचने के लिए जद्दोजगह करते दिखे.कई लोग तो सड़कों पर भरे पानी के कारण अपने ऑफिस पहुंच ही नहीं पाये..एक बारिश में अत्याधुनिक सिटी नोयडा की सड़कों का ये हाल #noida pic.twitter.com/UuiJmtg5ZT
— The Bharat Now (@thebharatnow) July 9, 2026
Delhi-NCR Rain : नोयडा के ज्यादातर इलाकों में सड़के जलमग्न हैं. लोगों के लिए अपनी गाडियों निकालना मुश्किल है. मुख्य रास्तों तो छोड़कर ज्यादातर इलाकों में सर्विस लेन पानी में डूबे हैं. कई जगहों पर सड़कों पर पेड़ गिर जाने के कारण यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है.
दिलशाद गार्डन में नाला ओवरफ्लो, घरों तक पहुंचा पानी
पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन के क्यू पॉकेट इलाके में भारी बारिश के बाद नाला ओवरफ्लो हो गया. जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप होने से सड़कों और गलियों में पानी भर गया. लोगों को घरों से निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है.
ईस्ट ऑफ कैलाश में विशाल पेड़ गिरा, ट्रैफिक प्रभावित
दक्षिणी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट अस्पताल के बाहर एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से सड़क पर लंबा जाम लग गया और कई वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर नगर निगम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाने का कार्य शुरू किया.
Delhi के East of Kailash स्थित Iskcon टेम्पल के पास विशाल पेड़ गिरा, यातायात प्रभावित@dtptraffic @DelhiGovDigital @IskcontempDelhi pic.twitter.com/H2eclfD0c4
— Harikishor Sah(Journalist) (@plus_hindi) July 9, 2026
गुरुग्राम में फ्लैट की बालकनी भरभराकर गिरी
गुरुग्राम के सेक्टर-37C स्थित इम्पीरिया एस्फोरा फेज-2 सोसाइटी में बड़ा हादसा हो गया। यहां एक फ्लैट की बालकनी का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। घटना के समय नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के बाद सोसाइटी के निवासियों में भय का माहौल है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर इमारत की सुरक्षा जांच शुरू कर दी है और अन्य फ्लैटों की भी तकनीकी जांच कराई जा रही है.
गुरुग्राम के सेक्टर-37C स्थित इम्पीरिया एस्फेरा फेज-2 की टावर-E में एक फ्लैट की बालकनी का बाहरी हिस्सा (ओवरहैंग/स्लैब) अचानक टूटकर नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय नीचे कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
Gurugram | News pic.twitter.com/oHnlC2x5gI
— The Black Paper (@TheBlackPaper30) July 9, 2026
गाजियाबाद में भी बिगड़े हालात
बारिश का असर गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में भी देखने को मिला. कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहन रेंगते नजर आए. कुछ स्थानों पर सड़क धंसने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया.
प्रशासन अलर्ट पर
दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न नगर निकायों और प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज कर दिए हैं. जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने, गिरे हुए पेड़ों को हटाने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम जारी है. अधिकारियों ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है.
बारिश ने खोली व्यवस्थाओं की पोल
लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हर साल मानसून के दौरान जलभराव, सड़क धंसने और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं सामने आती हैं, लेकिन स्थायी समाधान अब भी नहीं निकल पाया है. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भी कई इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है.

