Friday, June 26, 2026
Home Breaking News हल्द्वानी के एक हॉस्टल में NEET छात्रा की संदिग्ध मौत, घटना के...

हल्द्वानी के एक हॉस्टल में NEET छात्रा की संदिग्ध मौत, घटना के बाद का CCTV फुटेज आया सामने

0
26
Haldwani NEET Student
Haldwani NEET Student

Haldwani NEET Student :देवभूमि उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने आई एक 18 वर्षीय छात्रा की कोचिंग इंस्टीट्यूट के हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका का शव हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटके हुए मिला है. इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है. वहीं, सोशल मीडिया पर घटना के बाद का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी तेजी से वायरल हो रहा है.

Haldwani NEET Student:नीट की तैयारी करने आई थी अंजलि

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के शिवपुरी (भोपाल के पास) के मनीपुरा-कोलारस की रहने वाली अंजलि जाटव (18 वर्ष), पुत्री रघुवीर जाटव के रूप में हुई है. अंजलि यहाँ हल्द्वानी के मुखानी स्थित एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान से नीट (NEET) की तैयारी कर रही थी. दरअसल, अंजलि के बड़े भाई ने भी इसी संस्थान से तैयारी कर सफलता हासिल की थी, जिससे प्रेरित होकर परिजनों ने 30 मई को ही अंजलि का दाखिला यहाँ कराया था. वह कोचिंग के पास ही स्थित एक किराये के हॉस्टल में रह रही थी.

सहेली ने देखा फंदे से लटका शव

कोचिंग प्रबंधन के अनुसार, मंगलवार देर रात पास के कमरे में रहने वाली एक अन्य छात्रा ने अंजलि को दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ देखा. आनन-फानन में इसकी सूचना प्रबंधन को दी गई. कोचिंग स्टाफ अंजलि को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस मौके पर पहुँची. एसओ मुखानी सुशील जोशी ने बताया कि कमरे से एक रजिस्टर बरामद हुआ है, जिसमें कुछ शायरी और अनुभव लिखे हैं, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है.

मोबाइल की चैट और CDR खोलेगी राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. छात्रा का मोबाइल कब्जे में ले लिया गया है. पुलिस मुखानी कोतवाली को सीडीआर (Call Detail Record) निकालकर आखिरी कॉल्स और उनकी लोकेशन ट्रेस करने के निर्देश दे चुकी है. इसके अलावा मृतका के गूगल अकाउंट और चैट हिस्ट्री को भी खंगाला जा रहा है ताकि मौत की सही वजह का सुराग मिल सके.

CCTV फुटेज आया सामने

इस बीच घटना की रात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवती को (अस्पताल ले जाने के लिए) उठाकर ले जाते दिख रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि यह घटना के तुरंत बाद का वीडियो है. हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक सत्यता की पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस परिजनों के हल्द्वानी पहुँचने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.