Shri Ram Mandir SIT Report : : राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में कथित गड़बड़ी और चोरी के मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट शासन को सौंप दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय एसआईटी ने अपनी शुरुआती जांच पूरी कर रिपोर्ट अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद को सौंप दी है. माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के आधार पर आने वाले दिनों में कुछ बड़े खुलासे और सख्त प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिल सकती है.
Shri Ram Mandir SIT Report :SIT ने सौंपी प्रारंभिक रिपोर्ट
मामले की जानकारी देते हुए एसआईटी सदस्य विजय विश्वास पंत ने बताया कि जांच से संबंधित प्रारंभिक प्रतिवेदन शासन को उपलब्ध करा दिया गया है. उन्होंने कहा कि यह एक गोपनीय जांच है, इसलिए रिपोर्ट की सामग्री और निष्कर्षों पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती.
उन्होंने कहा, “हमने अपनी शुरुआती रिपोर्ट अपर मुख्य सचिव को सौंप दी है. जो तथ्य और निष्कर्ष जांच के दौरान सामने आए, उन्हें रिपोर्ट में शामिल कर शासन को उपलब्ध कराया गया है.”
मुख्यमंत्री योगी ने गठित की थी तीन सदस्यीय एसआईटी
राम मंदिर में चढ़ावे की रकम में कथित अनियमितताओं की शिकायत सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था. जांच की जिम्मेदारी राज्य के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को सौंपी गई थी.
मुख्यमंत्री ने एसआईटी को एक सप्ताह के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट और 15 दिनों के अंदर अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था. उसी क्रम में अब पहली रिपोर्ट शासन के पास पहुंच चुकी है.
कई लोगों की भूमिका जांच के दायरे में
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान चढ़ावा गिनने वाले कर्मचारियों, कुछ ट्रस्ट से जुड़े लोगों और बैंक कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है. हालांकि रिपोर्ट में किन लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है.
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि कथित गड़बड़ी किसी व्यक्तिगत स्तर पर हुई या इसके पीछे कोई संगठित तंत्र काम कर रहा था.
CCTV फुटेज में सामने आए कई सवाल
मामले में कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें चढ़ावे की रकम की गिनती के दौरान कथित अनियमितताओं के संकेत मिलने का दावा किया जा रहा है. आरोप है कि नोटों की गिनती के समय कुछ कर्मचारियों ने रकम को अलग किया और उसे बाहर ले जाने के लिए बाथरूम के रास्ते का इस्तेमाल किया.
इसके अलावा जांच में चढ़ावे की गिनती से जुड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल में भी कई खामियां सामने आने की बात कही जा रही है. बताया जा रहा है कि कई कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड का पालन नहीं करते थे और ड्यूटी समाप्त होने के बाद उनकी पर्याप्त जांच भी नहीं होती थी.
अंतिम रिपोर्ट के बाद हो सकती है बड़ी कार्रवाई
एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट अभी आना बाकी है, लेकिन प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ गई है. माना जा रहा है कि अंतिम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है और राम मंदिर में चढ़ावा प्रबंधन की व्यवस्था में बड़े बदलाव भी किए जा सकते हैं.
फिलहाल सभी की नजरें एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस चर्चित मामले की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.

