CBSE री-इवैल्यूएशन में चमकी रांची की अवनी, 500 में 500 अंक हासिल कर बनीं परफेक्ट स्कोर

CBSE Re-evaluation रांची (झारखंड): केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई के रिजल्ट को लेकर देश भर के हजारों छात्रों ने दावा किया था कि उनके पेपर का इवैल्यूएशन सही तरीके से  नहीं हुआ है. लाखों छात्रों ने री-इवैल्यूएशन के लिए अप्लाई किया,जिसमें रांची की अवनी केजरीवाल भी एक है. अवनी केजरीवाल को CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में री-इवैल्यूएशन के बाद  500 में से पूरे 500 अंक मिले हैं. इस रिजल्ट के बाद इस होनहार छात्रा  को परफेक्ट स्कोरर का खिताब मिल गया है.

CBSE Re-evaluation :पेपर की फिर से हुई जांच ने बदला परिणाम 

पहले जारी किए गए परिणाम में अवनी के अंक उम्मीद से कम आए थे. खासकर अंग्रेजी विषय में अंक कटने से वह हैरान थीं, क्योंकि यह उनका सबसे पसंदीदा और मजबूत विषय था. इसी विश्वास के आधार पर उन्होंने उत्तर पुस्तिका के पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) के लिए आवेदन किया. समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए अवनी ने बताया कि “मेरे अंग्रेजी में 19 नंबर कटे थे जिसकी उम्मीद नहीं थी. अग्रेंजी मुझे सबसे अधिक पसंद है और सबसे मजबूत विषय था. इस लिए री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन किया. बिजनेस स्टडीज में भी 5 नंबर कटे थे. 3 विषयों में पहले से ही 100-100 नंबर मिले थे. अब मेरे 24 नंबर बढ़ गए.”

अंग्रेजी में कटे थे 19 अंक, री-इवैल्यूएशन के बाद मिला न्याय

अवनी ने बताया कि प्रारंभिक परिणाम में उनके अंग्रेजी विषय में 19 अंक कम दिए गए थे. इसके अलावा बिजनेस स्टडीज में भी 5 अंक कम मिले थे. उन्हें अपने प्रदर्शन पर पूरा भरोसा था, इसलिए उन्होंने री-इवैल्यूएशन का फैसला लिया.

पुनर्मूल्यांकन के बाद उनकी उत्तर पुस्तिका दोबारा जांची गई और कुल 24 अंक बढ़ गए, जिसके बाद उनका कुल स्कोर बढ़कर 500 में 500 अंक हो गया.

पहले से तीन विषयों में थे पूरे अंक

अवनी के अनुसार, प्रारंभिक परिणाम में उन्हें तीन विषयों में पहले ही 100 में 100 अंक प्राप्त हो चुके थे. री-इवैल्यूएशन के बाद अंग्रेजी और बिजनेस स्टडीज में भी अंक बढ़े और अंततः उनका स्कोर पूर्णांक तक पहुंच गया.

उन्होंने कहा, 500 अंक की उम्मीद नहीं थी, लेकिन अब पूरा परिवार बेहद खुश है. मुझे विश्वास था कि अंग्रेजी में मेरे अंक कम नहीं हो सकते. इसलिए मैंने री-इवैल्यूएशन कराया और परिणाम मेरे पक्ष में आया.”

परिवार और शिक्षकों में खुशी का माहौल

अवनी की इस उपलब्धि के बाद उनके परिवार, शिक्षकों और स्कूल में खुशी का माहौल है. परफेक्ट स्कोर हासिल करना किसी भी छात्र के लिए बड़ी उपलब्धि है और री-इवैल्यूएशन के बाद ऐसा परिणाम आना यह भी दिखाता है कि छात्रों को अपने प्रदर्शन पर भरोसा होने पर उपलब्ध विकल्पों का उपयोग जरूर करना चाहिए.

छात्रों के लिए बनीं प्रेरणा

अवनी केजरीवाल की सफलता उन हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा है जो बोर्ड परीक्षाओं के बाद अपने परिणामों को लेकर असमंजस में रहते हैं. उनकी कहानी बताती है कि यदि किसी छात्र को लगता है कि उसके अंकों में त्रुटि हुई है, तो नियमों के तहत री-इवैल्यूएशन का विकल्प सकारात्मक परिणाम दे सकता है.

रांची की इस होनहार छात्रा ने न केवल अपने परिवार का बल्कि पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है. CBSE 2026 के परिणामों के बीच अवनी की यह उपलब्धि देशभर के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक मिसाल बन गई है.

Latest news

Related news