CM Yogi Adityanath दतिया/ललितपुर : बुंदेलखंड को विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आध्यात्मिक आस्था का भी संदेश दिया. मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश के दतिया स्थित प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगुलामुखी के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की.
दतिया हवाई पट्टी पर पहुंचने पर मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री योगी का स्वागत किया. इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे पीतांबरा पीठ पहुंचे, जहां उन्होंने मां बगुलामुखी के चरणों में मत्था टेककर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की.

CM Yogi Adityanath:वनखण्डेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक
पीतांबरा पीठ परिसर में स्थित प्राचीन वनखण्डेश्वर महादेव मंदिर में भी मुख्यमंत्री योगी ने विशेष पूजा-अर्चना की. मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया. मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और संतों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया.

ललितपुर के तुवन मंदिर में भी किया दर्शन
दतिया में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ललितपुर के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में भाग लिया. ललितपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध तुवन मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया और मंदिर के महंत तथा पुजारियों से आशीर्वाद प्राप्त किया.
विकास और आस्था का संदेश
मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास और आध्यात्मिक आस्था का संगम माना जा रहा है. एक ओर उन्होंने बुंदेलखंड क्षेत्र को विकास परियोजनाओं की सौगात दी, वहीं दूसरी ओर प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर प्रदेश की उन्नति और जनकल्याण की कामना भी की.

