Raptisagar Express bomb threat : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ऐशबाग जंक्शन पर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब तिरुवनंतपुरम से गोरखपुर जा रही ट्रेन संख्या 12512 राप्तीसागर एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और डॉग स्क्वायड की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया और स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.
Lucknow, Uttar Pradesh: Rohit Mishra, SP, GRP (Government Railway Police), Lucknow, says, “This train is Rapti Sagar Express 12512. It runs from Thiruvananthapuram to Gorakhpur. Today it was going to Gorakhpur. When the train crossed Unnao, an RPF control passenger gave… pic.twitter.com/AE58al5NcU
— IANS (@ians_india) June 16, 2026
Raptisagar Express Bomb Threat:फोन पर किसी ने दी बम की धमकी
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:15 बजे आरपीएफ कंट्रोल रूम को एक फोन कॉल के जरिए ट्रेन में बम रखे होने की सूचना मिली. ट्रेन कुछ ही देर में ऐशबाग जंक्शन पहुंचने वाली थी, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं. प्लेटफॉर्म नंबर-1 को एहतियातन सील कर दिया गया और यात्रियों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी गई.
सुबह करीब 10 बजे ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ, जीआरपी और डॉग स्क्वायड की टीमों ने सभी कोचों की गहन तलाशी शुरू की. यात्रियों के सामान, लगेज वैन और अन्य डिब्बों की बारीकी से जांच की गई. करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
बम की सूचना निकली अफवाह
सुरक्षा एजेंसियों ने केवल ट्रेन ही नहीं बल्कि प्लेटफॉर्म और उसके आसपास के क्षेत्रों की भी जांच की. स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी. जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और बम की सूचना को अफवाह बताया. इसके बाद सुबह करीब 11 बजे राप्तीसागर एक्सप्रेस को गोरखपुर के लिए रवाना कर दिया गया.
मुंबई एयरपोर्ट को भी मिली थी धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. एक ईमेल के जरिए भेजी गई इस धमकी के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था. हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और बाद में यह धमकी भी झूठी साबित हुई.
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल हवाई अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर रखी गई है.

