Tej Pratap Yadav : बिहार में अभी तक अपने पिता लालू प्रसाद यादव के नक्शेकदम पर चलते हुए राजनीति में अपनी पहचान बनाने वाले तेज प्रताप यादव को लेकर एक बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव अब राजनीति के अखाड़े के बाद मनोरंजन की दुनिया में धमाकेदार एंट्री करने जा रहे हैं.

Tej Pratap Yadav ‘भोजपुरी बवाल’ में आएंगे नजर
जी हां, आपने बिल्कुल सही सुना! तेज प्रताप यादव जल्द ही एक नए भोजपुरी रियलिटी शो में नजर आने वाले हैं, और इस शो का नाम है “भोजपुरी बवाल”. खास बात यह है कि इस शो में उनके साथ भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह, दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ और मशहूर अभिनेत्री आम्रपाली दुबे जैसे बड़े सितारे भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
पोस्टर और टीजर ने बढ़ाई फैंस की धड़कनें
हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार ने “भोजपुरी बवाल” का आधिकारिक टीजर और पोस्टर जारी किया है. इस पोस्टर में सबसे ज्यादा सुर्खियां तेज प्रताप यादव की मौजूदगी ने बटोरी हैं. पोस्टर में तेज प्रताप एक खास और शाही कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं, और उनका यह अनोखा अंदाज हमेशा की तरह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. इस शो का प्रसारण टीवी पर कलर्स चैनल और ओटीटी पर जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा. हालांकि, शो की रिलीज डेट का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है.
क्या होगा इस रियलिटी शो में खास?
अब बात करते हैं कि आखिर इस शो में भोजपुरिया दर्शकों के लिए क्या खास होने वाला है. दरअसल, यह कोई सामान्य रियलिटी शो नहीं होगा, जहां कंटेस्टेंट्स के बीच मुकाबला होता है. ‘भोजपुरी बवाल’ में ना तो कोई एलिमिनेशन होगा और ना ही जीत-हार की कोई होड़ होगी.
इस शो का सबसे खास उद्देश्य भोजपुरी सितारों की असली जिंदगी, उनके कड़े संघर्ष, व्यक्तिगत अनुभवों और अनसुने निजी किस्सों को दर्शकों के सामने लाना है. यानी इस शो के जरिए फैंस को अपने पसंदीदा स्टार्स को बहुत करीब से जानने का मौका मिलेगा. साथ ही शो में मनोरंजन, मस्ती और एडवेंचर का भी जबरदस्त तड़का देखने को मिलेगा.
फिल्मी कलाकार न होने के बाद भी क्यों चुने गए तेज प्रताप?
आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि तेज प्रताप यादव ना तो कोई फिल्मी कलाकार हैं और ना ही कोई सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, फिर उन्हें इन दिग्गज भोजपुरी सितारों के साथ क्यों चुना गया?
आपको बता दें कि तेज प्रताप यादव की अपनी एक अलग पहचान और जबरदस्त फैन फॉलोइंग है. वो अपने बेबाक बयानों, अनोखे अंदाज और कृष्ण भक्ति को लेकर अक्सर सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं. कभी वह कृष्ण के रूप में बांसुरी बजाते नजर आते हैं, तो कभी अपने अलग-अलग रूपों से सुर्खियां बटोर लेते हैं. ट्विटर (X) से लेकर इंस्टाग्राम तक पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं. माना जा रहा है कि शो के निर्माताओं ने उनकी इसी भारी लोकप्रियता को भुनाने के लिए उन्हें इस शो का हिस्सा बनाया है.
राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बाद नई पारी की शुरुआत
गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव का पिछले कुछ समय का राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. कथित प्रेम संबंधों को लेकर हुए विवादों के बाद उन्हें घर और पार्टी से बाहर किए जाने की खबरें मीडिया में खूब सुर्खियों में रहीं. इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से अलग होकर अपनी नई पार्टी जेजेडी (JJD) का गठन भी किया था, लेकिन चुनावी राजनीति में उन्हें उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिल सकी. इसके अलावा, उनके और उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव के बीच मतभेदों की खबरें भी लगातार चर्चा में बनी रहती हैं.
राजनीति में इन तमाम हलचलों के बाद अब मनोरंजन की दुनिया में तेज प्रताप यादव की यह नई पारी बेहद दिलचस्प होने वाली है. अब देखना यह होगा कि क्या ‘भोजपुरी बवाल’ में तेज प्रताप यादव सचमुच दर्शकों का दिल जीत पाएंगे? क्या वह पवन सिंह और निरहुआ जैसे बड़े दिग्गजों के बीच अपनी अलग पहचान बना पाएंगे? और क्या उनका यह देसी अंदाज इस शो की सबसे बड़ी यूएसपी (USP) साबित होगा?

