Nitish Kumar Seat Bypoll पटना : बिहार की राजनीति के लिए एक बड़ी खबर सामने आ आई है. भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद (Bihar Vidhan Parishad) की खाली हो रही 9 सीटों पर चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मौजूदा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे से खाली हुई सीटों पर भी उपचुनाव (Bypoll) कराया जाएगा.
चुनाव आयोग के मुताबिक, विधान परिषद की इन सभी सीटों पर चुनावी प्रक्रिया जून के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगी. आइए जानते हैं कि इस चुनाव का पूरा शेड्यूल क्या है और किन बड़े नेताओं की साख दांव पर लगी है.
Nitish Kumar Seat Bypoll : 18 जून को होगा मतदान
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, बिहार विधान परिषद की 9 सीटों के लिए 18 जून को सुबह से मतदान शुरू होगा. आयोग ने साफ कर दिया है कि 20 जून से पहले हर हाल में चुनाव की पूरी प्रक्रिया को संपन्न करा लिया जाएगा.
आपको बता दें कि जिन 9 सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनका समय 28 जून को पूरा हो रहा है. ये सभी सीटें विधायक कोटे की हैं. इसका मतलब यह है कि इन सीटों पर नए सदस्यों का चयन बिहार विधानसभा के विधायकों के वोटों के जरिए किया जाएगा.
जानिए चुनाव का पूरा शेड्यूल (Important Dates)
बिहार MLC चुनाव के लिए नामांकन से लेकर नतीजों तक की तारीखें इस प्रकार हैं:
-
नामांकन की शुरुआत: 1 जून से 8 जून तक उम्मीदवार अपना पर्चा दाखिल कर सकेंगे.
-
नामांकन पत्रों की जांच: 9 जून को सभी नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी (बारीकी से जांच) की जाएगी.
-
नाम वापसी की आखिरी तारीख: यदि कोई उम्मीदवार अपना नाम वापस लेना चाहता है, तो वह 11 जून तक ऐसा कर सकता है.
-
मतदान की तारीख: 18 जून को सभी सीटों पर वोट डाले जाएंगे.
नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी की सीट पर सबकी नजरें
इस बार का चुनाव बेहद दिलचस्प होने वाला है क्योंकि 9 नियमित सीटों के अलावा खाली हुई सीटों पर भी उपचुनाव होना है. इसमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे से खाली हुई सीट शामिल है, जिस पर 18 जून को ही उपचुनाव कराया जाएगा.
इसके अलावा, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पिछले साल विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण खाली हुई सीट पर भी इसी दौरान मतदान होगा. वहीं, जेडीयू के टिकट पर विधायक और फिर बिहार सरकार में मंत्री बने भगवान सिंह कुशवाहा के इस्तीफे से खाली हुई सीट को भरने के लिए भी इसी चुनावी प्रक्रिया के तहत वोट डाले जाएंगे.
इन बड़े दिग्गजों का खत्म हो रहा है कार्यकाल
विधान परिषद के जिन माननीय सदस्यों का कार्यकाल इस बार खत्म हो रहा है, उनमें सत्तापक्ष (NDA) और विपक्ष (Mahagathbandhan) के कई बड़े चेहरे शामिल हैं।
-
जनता दल यूनाइटेड (JDU): कुमुद वर्मा और प्रोफेसर गुलाम गौस
-
राष्ट्रीय जनता दल (RJD): मोहम्मद फारूख और सुनील कुमार सिंह.
-
भारतीय जनता पार्टी (BJP): भीषम साहनी और संजय प्रकाश उर्फ संजय मयूख.
-
कांग्रेस (Congress): समीर कुमार सिंह.
अब देखना यह होगा कि विधायक कोटे की इन सीटों पर होने वाले चुनाव में कौन सी पार्टी बाजी मारती है और नीतीश व सम्राट चौधरी की खाली सीटों पर किसे मौका मिलता है.

