Suvendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पश्चिम बंगाल पुलिस की STF ने इस सनसनीखेज मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को उत्तर प्रदेश और बिहार से गिरफ्तार किया है.
सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में एक कुख्यात अपराधी भी शामिल है, जिस पर 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. पश्चिम बंगाल पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करेगी.
Suvendu Adhikari PA Murder Case:6 मई को हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या
बता दें कि 6 मई की रात 24 परगना जिले में शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस वारदात के बाद पूरे राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी और पुलिस पर जल्द गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया था.
बक्सर से दबोचा गया हिस्ट्रीशीटर विशाल श्रीवास्तव
पुलिस जांच के दौरान पश्चिम बंगाल STF को अहम सुराग मिले, जिसके बाद बिहार पुलिस और STF के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया.
इस दौरान बिहार के बक्सर जिले के पांडे पट्टी गांव से विशाल श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया. विशाल को बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया.
विशाल श्रीवास्तव पर हत्या, लूट और डकैती समेत 15 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस को शक है कि वह इस हत्याकांड की साजिश में शामिल था.
बलिया और अयोध्या से दो और आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों राज सिंह और मयंक को भी गिरफ्तार किया है. राज सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया का रहने वाला है, लेकिन वह बक्सर में रह रहा था. वारदात के बाद वह अयोध्या में छिपा हुआ था.
कोलकाता पुलिस और अयोध्या पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में उसे गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने ऐसे बिछाया गिरफ्तारी का जाल
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और स्थानीय नेटवर्क की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की. इसके बाद बिहार पुलिस, बक्सर पुलिस, बिहार STF और पश्चिम बंगाल STF ने संयुक्त रूप से कई जगह छापेमारी की. इसी ऑपरेशन के दौरान तीनों आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गए.
क्या आरोपियों ने खुद चलाई थी गोली?
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या आरोपियों ने खुद चंद्रनाथ रथ पर गोली चलाई थी या किसी शूटर को सुपारी दी गई थी .पश्चिम बंगाल पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे हत्याकांड से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है.

