तमिलनाडु में सस्पेंस का खेल जारी..अब विजय के पास विधायक पूरे तो राज्यपाल से नहीं मिला मुलाकात का समय

Tamilnadu Suspense Game : तमिलनाडु की सियासत में पिछले चार दिनों से जारी ‘नंबर गेम’ का सस्पेंस अब खत्म होता नजर आ रहा है. अभिनेता से राजनेता बने विजय (Thalapathy Vijay) के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता शनिवार को पूरी तरह साफ हो गया. अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के लिए समर्थन जुटाने की जद्दोजहद के बीच, विजय को अब बहुमत के आंकड़े से दो अधिक विधायकों का साथ मिल चुका है.

Tamilnadu Suspense Game :VCK और IUML ने पलटी बाजी

शनिवार सुबह नाटकीय घटनाक्रम के तहत VCK और IUML ने विजय की पार्टी को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया. इन दोनों दलों के पास 2-2 विधायक हैं. इससे पहले विजय पिछले तीन दिनों से सरकार बनाने की कोशिश में थे, लेकिन उनके पास 118 विधायकों का जरूरी आंकड़ा नहीं था. अब इन नए सहयोगियों के आने के बाद विजय के पक्ष में कुल 120 विधायक खड़े हैं.

राज्यपाल से नहीं मिला समय, बढ़ा सस्पेंस

बहुमत का आंकड़ा हासिल करने के बाद TVK ने विधायकों के हस्ताक्षर वाला समर्थन पत्र सौंपने के लिए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से आज शाम 6 बजे का समय मांगा था. हालांकि, राजभवन की ओर से अभी तक मुलाकात का समय नहीं दिया गया है. गौरतलब है कि विजय इससे पहले भी दो बार राज्यपाल से मिल चुके हैं, लेकिन तब संख्या बल की कमी के कारण उन्हें सरकार बनाने का न्योता नहीं मिला था.

द्रविड़ राजनीति के दिग्गजों को पछाड़ TVK बनी नंबर-1

सिर्फ दो साल पुरानी पार्टी TVK ने इस चुनाव में DMK और AIADMK जैसे दशकों पुराने सियासी दिग्गजों को धूल चटा दी है. चुनाव में TVK 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी. हालांकि, विजय को अपनी जीती हुई दो सीटों में से एक छोड़नी होगी, जिससे उनके विधायकों की वास्तविक संख्या 107 है.

कांग्रेस और वामदलों ने भी थामा हाथ

चुनाव नतीजों के तुरंत बाद DMK गठबंधन से अलग होकर कांग्रेस (5 विधायक) ने सबसे पहले विजय को समर्थन दिया था. इसके बाद वामदलों (4 विधायक) ने भी उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया. अब VCK और IUML के आने से गठबंधन की कुल ताकत 120 हो गई है. 234 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 का आंकड़ा अनिवार्य है.

व्हाट्सऐप मैसेज पर नाराजगी और फिर सुलह

समर्थन जुटाने की राह इतनी आसान नहीं थी. VCK प्रमुख थोल थिरुमावलवन इस बात से नाराज थे कि विजय ने उनसे व्यक्तिगत मिलने के बजाय सिर्फ व्हाट्सऐप संदेश के जरिए समर्थन मांगा था. वहीं IUML ने भी शुरुआत में DMK के साथ रहने की बात कही थी. हालांकि, शनिवार सुबह TVK नेताओं की मुलाकातों के बाद कड़वाहट दूर हुई और समर्थन पर मुहर लगी.

क्या थिरुमावलवन बनेंगे उपमुख्यमंत्री?

भले ही VCK ने ‘बिना शर्त’ समर्थन दिया है, लेकिन पार्टी की भविष्य की योजनाएं स्पष्ट हैं. VCK नेता वन्नी अरसु ने संकेत दिए हैं कि सरकार में शामिल होने का फैसला बाद में होगा. साथ ही, पार्टी की इच्छा है कि विजय द्वारा खाली की जाने वाली सीट से थोल थिरुमावलवन उपचुनाव लड़ें और भविष्य में राज्य के उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालें.

Latest news

Related news