पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की तैयारी, जेब पर पड़ेगा सीधा असर

Petrol-Diesel Price Hike : आम आदमी की जेब पर महंगाई का एक और बड़ा बम फूटने वाला है. पिछले चार सालों से स्थिर चल रही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अब जल्द ही भारी इजाफा देखने को मिल सकता है. सरकारी सूत्रों ने संकेत दिया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के दबाव के चलते अब कीमतों को और अधिक समय तक रोकना मुश्किल हो गया है.

Petrol-Diesel Price Hike:कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, वैश्विक तेल बाजार में इस समय हड़कंप मचा हुआ है. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और शांति वार्ता विफल होने के कारण अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें 126 डॉलर प्रति बैरल के चार साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं. वर्तमान में तेल का औसत भाव 114 डॉलर के पार बना हुआ है, जबकि पिछले साल यह महज 70 डॉलर था. अब दुनिया की निगाहें रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ पर टिकी हैं.

क्यों बढ़ेंगी कीमतें? तेल कंपनियों का बढ़ा घाटा

भारत में तेल कीमतें बढ़ने का सबसे बड़ा कारण सरकारी तेल कंपनियों को होने वाला भारी नुकसान है. तेल मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार:

  • पेट्रोल पर घाटा: लगभग 20 रुपये प्रति लीटर.

  • डीजल पर घाटा: लगभग 100 रुपये प्रति लीटर.

कंपनियों का कहना है कि लागत और बिक्री मूल्य के बीच का यह अंतर अब बर्दाश्त से बाहर होता जा रहा है. हालांकि, कुछ समय पहले सरकार ने 25 से 28 रुपये की बढ़ोतरी की खबरों को खारिज किया था, लेकिन मौजूदा हालात कुछ और ही इशारा कर रहे हैं.

मई की शुरुआत में ही लगा झटका

आज यानी 1 मई को तेल कंपनियों ने पहले ही अपने इरादे साफ कर दिए हैं। कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर, इंडस्ट्रियल डीजल और जेट फ्यूल (ATF) के दामों में इजाफा कर दिया है। जानकारों का मानना है कि कमर्शियल सेगमेंट के बाद अब बारी आम जनता के इस्तेमाल वाले पेट्रोल और डीजल की है।

फिलहाल क्या हैं महानगरों के रेट?

अभी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। लेकिन अगर सूत्रों की मानें, तो अगले कुछ दिनों में इन कीमतों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे आम आदमी के मासिक बजट का बिगड़ना तय है।

नोट: हालांकि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने पहले कहा था कि दरों में बढ़ोतरी नहीं की जा रही है, लेकिन कच्चे तेल के $120 पार जाने के बाद स्थिति काफी गंभीर हो गई है।

Latest news

Related news