बंगाल में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बोले पीएम मोदी, अब भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण में ही आउंगा वापस …

PM Modi Bangal,बैरकपुर: पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में चुनावी रैली के आखिरी दिन जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में सत्ता परिवर्तन का बड़ा दावा किया है. पीएम मोदी ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि बंगाल में यह उनकी आखिरी चुनावी रैली है और अब वह सीधे भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए ही बंगाल वापस आएंगे.

PM Modi Bangal:शपथ ग्रहण समारोह में लौटने का भरोसा

भाजपा उम्मीदवार कौस्तव बागची के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “बंगाल के इस चुनाव में यह मेरी आखिरी रैली है. मैं बंगाल में जहां भी और जब भी गया हूं, मैंने लोगों का मूड देखा है. मैं इस भरोसे के साथ लौट रहा हूं कि अब 4 मई के बाद भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में ही बंगाल लौटूंगा.”

बंगाल से है गहरा आध्यात्मिक रिश्ता

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण के दौरान बंगाल के साथ अपने पुराने और आत्मीय संबंधों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनकी निजी जिंदगी और आध्यात्मिक यात्रा में बंगाल का अहम योगदान रहा है. पीएम ने बताया कि शक्ति के प्रति उनकी अगाध आस्था का एक बड़ा कारण बंगाल ही रहा है. यह धरती उनके लिए हमेशा से आध्यात्मिक शक्ति का केंद्र रही है.

जनता के संदेशों ने किया भावुक

पीएम मोदी ने रैलियों और रोड शो के दौरान मिले जनसमर्थन पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, “मैंने रात के समय फुर्सत में बैठकर आप सभी के संदेश और पत्र पढ़े. कई संदेशों ने मुझे भावुक कर दिया. मैं आपके दर्द और उम्मीदों को समझता हूं. आपने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, मैं उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा.”

“4 दशकों से बस चल रहा हूं, जनता ही मेरा परिवार”

अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि घर छोड़ने के बाद से वह लगातार जनता के बीच ही रहे हैं. उन्होंने कहा, “पिछले 3-4 दशकों से मैं देश के हर कोने में यात्रा कर रहा हूं. मैंने कभी दिन-रात या मौसम का मिजाज नहीं देखा, बस चलता रहा. मेरे लिए देश की जनता ही मेरा परिवार है और मैंने अपनी शांति और आराम आप लोगों के बीच ही खोजा है. “

महान हस्तियों से ली प्रेरणा

पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने बंगाल की महान विभूतियों से बहुत प्रेरणा ली है और यहां के लोगों से उन्हें जो प्यार और अनुभव मिले हैं, वे उनके जीवन में बहुत महत्वपूर्ण हैं. बैरकपुर की इस रैली को अपनी आखिरी जनसभा बताते हुए उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि बंगाल में अब बदलाव की लहर है.

Latest news

Related news