Bihar Next CM ? : मोकामा से जेडीयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने बिहार की सियासत को लेकर बड़ा बयान दिया है. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार छोड़कर दिल्ली जाने के फैसले से पूरा राज्य भावुक है. नीतीश कुमार का राज्यसभा में जाना सिर्फ सत्तापक्ष ही नहीं बल्कि विपक्ष के लिए भी निराशाजनक स्थिति है, क्योंकि जनता चाहती थी कि नीतीश कुमार अपना कार्यकाल पूरा करें.
Bihar Next CM को लेकर बोले अनंत सिंह
जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का कहना है कि नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना बिहार के लिए नुकसानदायक नहीं बल्कि फायदेमंद साबित हो सकता है. उनका मानना है कि राष्ट्रीय स्तर पर जाकर नीतीश कुमार बिहार के विकास के लिए तेजी से काम करेंगे और राज्य को लाभ मिलेगा.
अनंत सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि जब नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देने से पहले उनसे मुलाकात की थी, तभी उन्हें अंदाजा हो गया था कि दिल्ली जाने का फैसला अब बदला नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि जनता ने नीतीश कुमार को उनके नाम पर भारी जनादेश दिया था और लोग चाहते थे कि वे पूरे पांच साल मुख्यमंत्री बने रहें, लेकिन अब उन्होंने अलग रास्ता चुन लिया है.
खरमास के बाद नीतीश कुमार छोड़ेंगे कुर्सी !
मुख्यमंत्री पद छोड़ने को लेकर भी उन्होंने बड़ा संकेत दिया. अनंत सिंह ने कहा कि खरमास के बाद, यानी 14 अप्रैल के बाद, नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम निर्णय खुद नीतीश कुमार का ही होगा और वही तय करेंगे कि आगे क्या करना है.
कौन बने बिहार का अगला मुख्यमंत्री ?
बिहार की अगली राजनीतिक तस्वीर को लेकर भी अनंत सिंह ने अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि अगर जेडीयू की सरकार बनती है तो वे चाहते हैं कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाए, जबकि अगर बीजेपी की सरकार बनती है तो उनकी पसंद सम्राट चौधरी हैं.
विपक्ष पर हमला बोलते हुए अनंत सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आरजेडी अब कमजोर हो चुकी है और आने वाले चुनाव में उन्हें किसी दूसरे दल से टिकट लेकर चुनाव लड़ना पड़ सकता है.
इसके साथ ही उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर भी बड़ा ऐलान किया. अनंत सिंह ने कहा कि अगला विधानसभा चुनाव वे खुद नहीं लड़ेंगे, बल्कि उनके बेटों में से कोई चुनावी मैदान में उतरेगा. उनके छोटे बेटे अभिनव ने फिलहाल पढ़ाई पर ध्यान देने की बात कही है, लेकिन भविष्य को लेकर संभावनाएं खुली रखी हैं.

