हैदराबाद से आ रही बस बनी आग का गोला; 13 यात्री जिंदा जले, टिप्पर की रफ्तार ने मचाया तांडव

Andhra Pradesh Bus Accident मार्कापुरम : आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में आज सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. हैदराबाद से पामुरु जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल बस रायवरम के पास पलाला खदान क्षेत्र में एक तेज रफ्तार टिप्पर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते बस और टिप्पर दोनों आग की लपटों में घिर गए। इस हादसे में 13 यात्रियों की मौके पर ही जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.

Andhra Pradesh Bus Accident:सुबह 6 बजे मचा कोहराम

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह 6:00 से 6:30 बजे के बीच हुआ. जब बस खदानों के पास वाले मोड़ पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित टिप्पर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के तुरंत बाद बस में भीषण आग लग गई. उस समय बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे.

  • बचाव: बस के अगले हिस्से में बैठे लगभग 10 यात्री समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे.

  • त्रासदी: पीछे की सीटों पर बैठे लोग आग की लपटों के कारण बाहर नहीं निकल पाए और बस के अंदर ही फंस गए.

तेज रफ्तार बनी काल

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टिप्पर चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार इस बड़े हादसे की मुख्य वजह रही। चालक ने मोड़ पर नियंत्रण खो दिया और बस को सीधी टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस केवल लोहे का कंकाल बनकर रह गई थी।

विधायक और प्रशासन मौके पर

हादसे की जानकारी मिलते ही मार्कापुरम विधायक कंडुला नारायण रेड्डी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्यों का जायजा लिया. पुलिस का मानना है कि मरने वाले अधिकांश यात्री कनिगिरी इलाके के निवासी हो सकते हैं.

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, जांच के आदेश

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने स्थानीय प्रशासन से बात कर राहत कार्यों में तेजी लाने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है. अधिकारियों ने आशंका जताई है कि गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों के कारण मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है.

Latest news

Related news