Tuesday, March 10, 2026

टल गया LPG संकट? केंद्र सरकार ने कहा–रिफाइनरियों ने 10% बढ़ाया उत्पादन,आपूर्ति सामान्य

LPG crisis averted : मिडिल-ईस्ट में जारी संघर्ष और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहे असर के बीच भारत में एलपीजी गैस संकट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. मंगलवार को केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया कि देश में फिलहाल रसोई गैस (LPG) की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है.

सरकारी सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर जो खबरें सामने आई थीं, अब स्थिति सामान्य हो गई है। केंद्र सरकार ने देश की प्रमुख तेल रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन में 10 प्रतिशत की वृद्धि करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी संभावित कमी को रोका जा सके.

LPG crisis averted : रिफायनरीज में बढ़ाया गया उत्पादन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश की सभी तेल रिफाइनरियां इस समय 100 प्रतिशत क्षमता के साथ काम कर रही हैं. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि घरेलू रसोई गैस की सप्लाई में कोई बाधा न आए और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल सके.

सरकार ने गैस वितरण प्रणाली पर भी निगरानी बढ़ा दी है. सिलेंडर की उपलब्धता को संतुलित बनाए रखने के लिए दो सिलेंडरों के बीच की अवधि को 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है. साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए Essential Commodities Act के प्रावधान लागू किए गए हैं.

अफवाहों से बचने की अपील

सरकार ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में गैस आपूर्ति को लेकर चिंता जरूर बनी थी, लेकिन अब आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है. अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करने की अपील की है क्योंकि इससे अनावश्यक घबराहट फैल सकती है.

वैश्विक संकट के बीच भारत की तैयारी

मिडिल-ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बना हुआ है. इसके बावजूद सरकारी सूत्रों का कहना है कि भारत की स्थिति कई देशों के मुकाबले बेहतर है. ऊर्जा मंत्रालय और तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि सप्लाई चेन बाधित न हो.

सरकार ने भरोसा दिलाया है कि देश में फिलहाल पर्याप्त एलपीजी उपलब्ध है और यदि मांग बढ़ती भी है तो उससे निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं मौजूद हैं.

Latest news

Related news