Tuesday, March 10, 2026

प्लॉट की जगह नहीं बताई, नक्शा भी गायब; कैसे तय होगी कीमत? आवास बोर्ड पर सवाल

बिहार राज्य आवास बोर्ड ने 25 नवंबर 2025 से आम लोगों को पटना में आवासन देने के लिए एक स्कीम लायी थी। उस स्कीम के तहत प्लॉट मिलने थे। स्कीम आई और तकनीकी खामियां बताए जाने के बाद 18 फरवरी को कथित तौर पर बंद भी हो गई। आवेदन में क्या खेल हुआ, इसका खुलासा पिछली खबर में किया गया था। अब यह जानिए कि वह स्कीम किस हद तक 'तिलस्मी' थी। क्योंकि, इस स्कीम की ज्यादातर जानकारी छिपाने के उद्देश्य को लेकर सार्वजनिक तौर पर प्रकाशित की गई थी। इतने तरह से कन्फ्यूज किया गया कि पता नहीं चले कि आवेदन कहां से करें और कब तक कर सकते हैं? किस जमीन की कीमत 1.70 करोड़ है और किसकी 80 लाख?

लोकेशन… ढूंढते रह जाओगे वाली राज्य आवास बोर्ड की स्कीम

नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना अथॉरिटी या डीडीए आदि की हाउसिंग स्कीम आती है तो साफ-साफ लोकेशन पता चल जाता है कि आपको किस जगह पर प्लॉट मिलना है। अगर आप पटना में रहते हैं तो भी क्या इस पते को ढूंढ़ सकते हैं?- "6H/46, बहादुरपुर हाउसिंग बोर्ड डिविजन-2, पटना। या, Q681, बिहार स्टेट हाउसिंग बोर्ड डिविजन-1, कंकड़बाग।" इस तरह से सभी प्लॉट की जानकारी 'लोहियानगर एवं बहादुरपुर आवासीय कॉलोनी, पटना स्थित भूखंडों एवं मकानों के आवंटन हेतु विवरणिका पुस्तिका' में दी गई। स्कीम की आधी-अधूरी जानकारी देने वाले सूत्रों के सवालों का जवाब तलाशते हुए जब 9 फरवरी को राज्य आवास बोर्ड के सचिव राहुल बर्मन से बात हुई, तब जाकर यह विवरणिका पुस्तिका वेबसाइट (पोर्टल)- erpbshb.bihar.gov.in पर अपलोड की गई, लेकिन होम पेज पर नहीं बल्कि अंदर के एक सब-सेक्शन में। उस तारीख से पहले, जब भी इन प्लॉट्स के बारे में विभाग की हेल्पलाइन पर पूछा गया तो जवाब मिला कि फलां अखबार में पूरा विज्ञापन छपा है। इससे जुड़ा सवाल यह तब भी था और अब भी है कि- 

  • अरसे बाद प्लॉट आवंटन की कोई योजना आई तो उसका व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं कर, किसी अखबार के किसी पेज पर एक विज्ञापन भर छापकर क्यों छोड़ दिया गया? 
  • इस बारे में संवाददाता सम्मेलन कर जानकारी क्यों नहीं जनता के बीच दी गई? 
  • पहले दिन से पोर्टल साइट पर प्लॉट का विवरण क्यों नही दिया गया? 
  • पोर्टल बनाने वाली आईटी टीम गूगल लोकेशन उससे हाइपर लिंक क्यों नहीं कर सकी, ताकि लोग क्लिक कर समझ सकें? 
  • 1.70 करोड़ तक की कीमत वाली जमीन का लोकेशन सिर्फ प्लॉट नंबर से समझने के लिए क्यों छोड़ दिया गया?

तारीख भी तिलस्मी… ताकि आवेदन करने को लेकर रहे संशय

बिहार राज्य आवास बोर्ड की सरकार की ओर से प्रचारित और गूगल पर आसानी से मिलने वाली पोर्टल-वेबसाइट bshb.bihar.gov.in इस पड़ताल के दौरान चल रही थी। पिछले कुछ दिनों से ERR_CERT_DATE_INVALID के आधार पर बंद थी। 'अमर उजाला' की सोमवार को प्रकाशित खबर के बाद ऑपरेशनल हो गई। इसकी हालत की जानकारी आगे देंगे, फिलहाल यह जान लें कि इस पोर्टल पर इस स्कीम की जानकारी पहले तो दी ही नहीं गई थी। होम पेज पर सबसे नीचे एक लिंक दिया गया था, जो समझने वाले ही समझ सकते हैं। साइट मैप पर खोजने से वह लिंक मिल रहा था, जिसके बारे में आवास बोर्ड को सचिव की जानकारी दी गई तो लिंक को ऊपर किया गया था। उसी लिंक से दूसरी नई वेबसाइट (पोर्टल)- erpbshb.bihar.gov.in पर री-डायरेक्ट होता था। इस नए पोर्टल पर भी आवेदन की तारीख को लेकर तिलस्म बना रहा। 19 फरवरी 2026 तक आवेदन की तारीख होने से पहले तकनीकी खामियों के बारे में अवगत कराने पर 18 फरवरी को भले ही इसकी प्रक्रिया स्थगित कर दी गई, लेकिन तारीखों के तिलस्मी होने का प्रमाण आज भी साइट पर उपलब्ध है। इस पोर्टल पर अब भी-

  • New Housing Scheme Notification के तहत इस स्कीम के बारे में बताया जा रहा है कि आवेदन के साथ पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 जनवरी 2026 थी, जिसे 9 फरवरी 2026 किया गया।
  • अगर यही अंतिम सूचना है तो 19 तारीख तक आवेदन नहीं लिया जाना चाहिए था। और, अगर 19 फरवरी तक आवेदन लेने की तारीख थी तो इस 18 फरवरी को इसके स्थगन से पहले भी New Housing Scheme Notification के तहत यह जानकारी स्पष्ट तरीके से दी जानी चाहिए थी।
  • Tenders सेक्शन में Download Tender के तहत भी 9 फरवरी 2026 तक आवेदन तारीख वाला पीडीएफ ही दिख रहा है। और तो और होम पेज पर New Notification के स्क्रॉलिंग लिंक पर भी क्लिक करेंगे तो यही तारीखें दिखेंगी। मतलब, हर तरह का संशय रखा गया है कि कब से शुरू हुआ और कब स्थगित हुआ। वैसे, स्थगित होने वाली जानकारी तो अब कहीं नहीं दिख रही है। 9 फरवरी तक आवेदन होने की जानकारी जरूर दिख रही है।

Latest news

Related news