Saturday, February 28, 2026

रायपुर में साइबर फ्रॉड का नया तरीका, डेबिट कार्ड-आधार दिखा कर की ठगी

राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है. ठगों ने सीनियर सिटीजन कार्ड बनाने और उसकी लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 63 वर्षीय किसान गुलाम उसमान खान के बैंक खाते से करीब 5 लाख रुपये निकाल लिए.

पीड़ित के अनुसार, 26 फरवरी की सुबह एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉलर ने खुद को सीनियर सिटीजन कार्ड हेड ऑफिस, कोलकाता का अधिकारी बताया. प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर व्हाट्सएप के जरिए एक एपीके फाइल भेजी गई.

फाइल डाउनलोड और ओपन करने के कुछ देर बाद वीडियो कॉल कर पीड़ित से डेबिट कार्ड और आधार कार्ड दिखाने को कहा गया. ठग ने कार्ड को “सीनियर सिटीजन कार्ड से लिंक” करने का बहाना बनाया। झांसे में आकर पीड़ित ने अपनी बैंकिंग जानकारी साझा कर दी।

शाम को एक और कॉल आया, जिसमें कार्ड की लिमिट 1 लाख से बढ़ाकर 5 लाख करने का लालच दिया गया। दूसरी एपीके फाइल डाउनलोड कराई गई। इसके बाद मोबाइल पर लगातार ओटीपी और संदिग्ध लिंक के मैसेज आने लगे।

घबराकर पीड़ित ने फोन बंद कर दिया, लेकिन दोबारा चालू करने पर पता चला कि खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 4,99,751 रुपये निकाल लिए गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि किसी भी अज्ञात स्रोत से आई एपीके फाइल डाउनलोड करना, ओटीपी साझा करना या वीडियो कॉल पर बैंक दस्तावेज दिखाना बेहद खतरनाक हो सकता है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध कॉल की तुरंत साइबर सेल में शिकायत करें।

Latest news

Related news