Bihar Election 2nd Phase : बिहार विधानसभा के चुनाव के लिए आज 20 जिलों के 122 सीटों पर वोटिंग शुरु हो गई है. आज राज्य के जिन 122 सीटों पर मतदान हो रहे हैं वो हैं- गयाजी की 10 सीटें , कैमूर की 4 सीटें , रोहतास की 7 सीटें, औरंगाबाद की 6 सीटें, अरवल की 2 सीटें, जहानाबाद की 3 सीटें, नवादा की 5 सीटें, भागलपुर की 7 सीटें, बांका की 5 सीटें, जमुई की 4 सीटें, सीतामढ़ी की 8 सीटें, शिवहर की 1 सीट, मधुबनी की 10 सीटें, सुपौल की 5 सीटें, पूर्णिया की 7 सीटें, अररिया की 6 सीटें, कटिहार की 7 सीटें, किशनगंज की 4 सीटें, पूर्वी चंपारण की 12 सीटें और पश्चिमी चंपारण की 9 सीटें शामिल हैं.
Bihar Election 2nd Phase:पौने चार करोड़ मतदाता करेंगे 1302 उम्मीदवार के भविष्य का फैसला
आज साढे तीन करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे मतदान दूसरे चरण के 122 सीटों पर कुल मिलकर 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनके चुनाव के लिए आज पूरे राज्य के 20 जिलों के 3 करोड़ 70 लाख मतदाता मतदान करेंगे .इसमें 1.95 करोड़ पुरुष और 1.74 करोड़ महिलाएं शामिल हैं.
मतदान के दौरान सुरक्षा इंतजाम
आज के 122 सीटों पर मतदान कराने के लिए चुनाव आयोग के जबर्दस्त सुरक्षा इंतजाम किये हैं. चुनाव आयोग ने दूसरे चरण की सभी 122 सीटों को संवेदनशील माना है और इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किये हैं. सभी 45,399 पोलिंग बूथों पर लाइव वेबकास्ट का इंतजाम किया गया है यानी मतदान शुरु होने से लेकर समाप्त होने तक की पूरी प्रक्रिया कैमरे में रिकार्ड होगी और इसकी निगरानी खुद चुनाव आयोग के सदस्य करेंगे. इसके अलावा सभी 20 जिलों में 4 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये है, जिसमें 500 से अधिक केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियां है जिसमें CRPF, BSF, CISF, ITBP, SSB की टीमें शामिल हैं. इसके अलावा अन्य राज्यों से 2 हजार रिजर्व पुलिस फोर्स तैनात किये गये हैं.
आज शाम से आने आने लगेंगे रुझान
बिहार विधानसभा के सभी 243 सीटों के लिए आज मतदान पूरा हो जायेगा. मतदान शाम पांच बजे तक और किसी किसी स्थान पर शाम 6 बजे तक भी होगा. नक्सल प्रभावित 7 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ही कराया जायेगा. चुनाव आयोग ने सुरक्षा कारणों से चैनपुर, रजौली (सुरक्षित), गोविंदपुर, सिकंदरा (सुरक्षित), जमुई, झाझा और चकाई में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ही मतदान कराने फैसला किया है. मतदान समाप्त होते ही अगली सरकार किसकी बनेगी, इसके रुझान आने शुरु हो जायेंगे. माना जा रहा है कि आज के 122 सीटों में आधी से अधिक सीटों पर महागठबंधन का दबदबा रहेगा, वहीं मगध- शाहाबाद जैसे केंद्रीय बिहार और मिथलांचल में पब्लिक एनडीए के उम्मीदवीरों के पक्ष में मतदान कर सकती है.
बिहार विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा
विधानसभा में कुल सदस्यो की संख्या 243 है. किसी भी पार्टी या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए 122 सीटों की जरुरत होगी.

