CWC Meeting Patna : बिहार में चुनाव की तारीखों का ऐलान होने में बस कुछ दिनो की ही समय बाकी है. राजनीतिक दल आखिरी मिनट पर अपनी पकड़ को मजबूत बनाये रखने के लिए ताकत लगा रही है. कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के बाद अब पहली बार बिहार में कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक करने जा रही है. ये बैठक 24 सितंबर को पटना में होने वाली है .बैठक में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के सभी सदस्य आएंगे.इस बैठक में देशभर से आये कांग्रेस के प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे.
CWC Meeting Patna:बिहार से बड़ा संदेश देने की तैयारी
बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा गया कि पहली बार इसका आयोजन बिहार में होने जा रहा है. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस बैठक के जरिये पार्टी राज्य के साथ-साथ पूरे देश में बड़ा राजनीतिक संदेश जायेगा.
बिहार के लिए ये एतिहासिक मौका – राजेश राम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
बैठक के बारे में जानकारी देते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि बिहार के लिए ये ऐतिहासिक मौका होगा, जब कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक यहां होने वाली है. ये बैठक पटना में कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में होगी. सदाकत आश्रम वो जगह है, जहां से देश के आजादी की लड़ाई लडी गई. आजादी की लड़ाई में महात्मा गांधी के इस सदाकत आश्रम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी . इसलिए जब कांग्रेस कार्य समिति की बैठक यहां होगी तो केवल बिहार में ही नहीं, बल्कि देशभर में एक बड़ा संदेश जायेगा. राजेश राम ने राहुल गाँधी के ‘वोटचोरी के खिलाफ मुहिम’ को लेकर कहा कि ये मुहिम बिहार से पूरे देश तक पहुंचेगी.
बिहार के साथ-साथ देश की भी होगी बात – कृष्णा अल्लावरू
इस बैठक के बारे में बिहार कांग्रेस चुनाव प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने कहा कि सदाकत आश्रम में 24 सितंबर को होने जा रही इस बैठक में बिहार के साथ-साथ देश की भी बात होगी. बैठक में ‘ट्रंप टैरिफ’ पर भी चर्चा होगी. वोट चोरी का जिक्र करते हुए कृष्णा अल्लावरु ने प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया कि ‘मोदी जी जनता की समस्याओं का हल नहीं निकाल पा रहे और वे चुनाव में वोट चोरी करते हैं.’
शकील अहमद खान क्या बोले?
प्रेस कांफ्रेस के दौरान कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता डॉ. शकील अहमद खान ने कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमिटी की ये बैठक ऐस समय में हो रही है, जब केंद्र की सरकार और राज्यों की सरकारें जनता के अधिकारों को लूटने का काम कर रही हैं. शकील अहमद खान ने कहा कि कांग्रेस कार्य समिति की बैठक के दौरान इससे जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे. बिहार के लिए भी अब गुंडाराज का नाम लिया जाने लगा है. पूरे राज्य में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा गूंज रहा है.
इंडिया ब्लॉक में कब होगा सीट शेयरिंग पर फैसला ?
बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान सा समय लगभग आ ही गया है लेकिन अब तक एनडीए हो या महागठबंधन , इनमें सीटों के तालमेल को लेकर फैसला नहीं हुआ है. महागठबंधन में सीटों के तालमेल को लेकर जब चुनाव प्रभारी कृष्णा अल्लावरु से पूछा गया तो उन्होने कहा कि ‘बातचीत सकारात्मक दिशा में चल रही है. हम तालमेल बनाकर अच्छे से सीट शेयरिंग कर लेंगे. जिस दिन सबकुछ तय हो जाएगा, हम मीडिया को बुलाकर इसकी घोषणा करेंगे. उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन में इसे लेकर कोई चिंता नहीं है, बल्कि चिंता NDA में है क्योंकि वहां सहमति नहीं बन रही है.’

