CM साय बोले- भूपेश बघेल जहां कांग्रेस प्रभारी बने, वहीं विरोध सामने आया

रायपुर। असम में कांग्रेस महासचिव और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले पर हुए हमले के बाद अब छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी घमासान मच गया है। इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और खुद पूर्व सीएम भूपेश बघेल की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, जिसके बाद दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

सीएम विष्णु देव साय का कांग्रेस पर तंज

रायपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भूपेश बघेल जब पहले पंजाब के प्रभारी थे, तब भी उनका विरोध हुआ था और अब असम के प्रभारी के रूप में पहली बार वहां जाने पर भी उनका विरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे साफ पता चलता है कि कांग्रेस के भीतर क्या चल रहा है और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का उनके अपने ही राज्यों में किस तरह अपमान हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पिछले कुछ समय में कांग्रेस की विश्वसनीयता तेजी से कम हुई है। यह पार्टी हमेशा से 'फूट डालो और राज करो' की नीति पर काम करती रही है, जहां इनकी कथनी और करनी में हमेशा अंतर रहता है। जनता से झूठे वादे करने के कारण ही छत्तीसगढ़ की जनता ने उन्हें नकारा है और आज पूरे देश में भी कांग्रेस की यही स्थिति हो रही है।

भूपेश बघेल का पलटवार, कहा- गांधीवादी तरीके से लड़ेंगे

दूसरी ओर, इस हमले के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने असम के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे असम के साथियों से यह कहना चाहते हैं कि कांग्रेस ने हमेशा महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश की आजादी की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा कि हम कभी अंग्रेजों से नहीं डरे और सत्य तथा अहिंसा के गांधीवादी रास्ते पर चलते हुए ही सफलता हासिल की। वर्तमान में राहुल गांधी के नेतृत्व में हम सब इसी मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इन ताकतों से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि गांधीवादी तरीके से डटकर मुकाबला करते हुए इन्हें परास्त करना है।

Latest news

Related news