वंदे मातरम् विवाद में BJP का कांग्रेस पर वार, अध्यक्ष बोले- ‘नई मुस्लिम लीग बन गई’

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता नितिन नवीन ने वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा पार्टी के मंचों पर वंदे मातरम् के केवल पहले दो छंद गाए जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए नवीन ने कहा कि विपक्षी दल अपनी वोट बैंक की राजनीति के कारण आज की 'नई मुस्लिम लीग' के रूप में उभर रहा है।

नितिन नवीन ने सोशल मीडिया पोस्ट में बोला हमला

नितिन नवीन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा कि कांग्रेस ने राष्ट्रगीत के प्रति अपने पूर्व आचरण और अनादर को अब एक औपचारिक प्रस्ताव का रूप दे दिया है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में पूरे वंदे मातरम् के गायन न होने का संदर्भ देते हुए कहा कि जिसे पहले 'संयोग' कहकर टाला गया था, अब उसे पार्टी की आधिकारिक नीति बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत के प्रति यह रुख स्वतंत्रता संग्राम के हजारों बलिदानियों का अपमान है।

कांग्रेस कार्यसमिति का 1937 के प्रस्ताव पर निर्णय

भाजपा नेता का यह कड़ा बयान कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के उस निर्णय के बाद आया है, जिसमें पार्टी ने अपने कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के केवल दो अंतरे गाने का फैसला किया है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह अपनी सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था के 1937 में पारित ऐतिहासिक प्रस्ताव का ही पालन कर रही है, जिसके तहत स्वतंत्रता संग्राम के दौर से यह परंपरा चली आ रही है।

मल्लिकार्जुन खरगे का पलटवार

इससे पूर्व, विवाद पर अपना पक्ष रखते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि उन्होंने उसी राष्ट्रगीत का गायन किया है जिसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल गाते थे। खरगे ने कहा कि 90 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा का पालन करना कोई अपराध नहीं है और किसी एक दल का दृष्टिकोण पूरे देश का मानक नहीं बन सकता।

Latest news

Related news