राजस्थान के एक दर्जन से ज्यादा जिलों में सूखे का संकट! गहलोत ने CM से मांगा जवाब

जयपुर। राजस्थान के एक दर्जन से अधिक जिलों में बारिश की भीषण कमी के कारण सूखे जैसे हालात पैदा हो गए हैं। जहां ग्वार, मूंग, मोठ और बाजरे जैसी खरीफ फसलें झुलसकर पूरी तरह बर्बाद होने की कगार पर हैं, वहीं दूसरी ओर किसान खाद की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। किसानों की इस दयनीय स्थिति पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने प्रदेश की भजनलाल सरकार पर तीखा हमला बोला है और किसानों को तत्काल सहायता देने की मांग की है।

‘सूखे और खाद संकट के बीच सरकार किसानों के साथ खड़ी हो’ – अशोक गहलोत

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रदेश के बिगड़े हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से पांच मुख्य कदम उठाने की अपील की है:

  • फसल खराबे का सर्वे और मुआवजा: हनुमानगढ़ से लेकर बालोतरा तक खरीफ फसलें तबाह हो चुकी हैं। सरकार तुरंत विशेष सर्वे करवाकर पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दे।

  • चारा डिपो की स्थापना: पशुपालकों के सामने मवेशियों के चारे का गंभीर संकट खड़ा हो गया है, इसलिए प्रभावित इलाकों में सरकारी चारा डिपो खोले जाएं।

  • रोजगार की व्यवस्था: ग्रामीण इलाकों में कृषि कार्य ठप होने की स्थिति को देखते हुए सरकार अभी से वैकल्पिक रोजगार देने की तैयारी करे।

  • रबी सीजन के लिए मदद: जब खरीफ की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है, तो किसान कर्ज और संसाधनों के अभाव में आगामी रबी की बुवाई कैसे करेंगे? सरकार बीज, खाद और वित्तीय मदद की गारंटी दे।

अशोक गहलोत का बयान: "यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़े होने का है। कर्ज लेकर खेती करने वाले किसानों की हालत आज सबसे ज्यादा चिंताजनक है।"

खाद की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था फेल, तकनीकी खामियों से किसान परेशान

प्रदेश सरकार की ओर से लागू की गई नई ऑनलाइन खाद बुकिंग प्रणाली (FFS ऐप) किसानों के लिए राहत की जगह आफत बन गई है। सर्वर डाउन रहने, तकनीकी खामियों और घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है।अशोक गहलोत ने इस अव्यवस्था पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार का यह नया नियम खाद देने के बजाय किसानों को सिर्फ परेशान करने का जरिया बन गया है। यह केवल बारां जिले का हाल नहीं है, बल्कि पूरे राजस्थान का किसान आज इस कुप्रबंधन का शिकार है।

‘राजस्थान का हक मारकर मध्य प्रदेश भेजी जा रही खाद’ – गहलोत का आरोप

कांग्रेस नेता ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए एक बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान खाद के लिए भटक रहे हैं और उनका हक मारकर खाद पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने में भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सवाल किया कि आखिर प्रदेश का किसान कब तक इस तरह दर-दर भटकता रहेगा?

 

Latest news

Related news