वॉशिंगटन: अमेरिका में रहने वाली भारतीय मूल की बायोमेडिकल इंजीनियर साधना गुल्लापुडी को लेकर सोशल मीडिया पर वीजा फ्रॉड के आरोप लगाए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। एक सोशल मीडिया अकाउंट ने दावा किया कि साधना 2014 से स्टूडेंट वीजा पर अमेरिका में रह रही हैं और इस दौरान नियम तोड़कर काम भी कर रही हैं। हालांकि, ह्यूस्टन के एक वकील ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि साधना स्टूडेंट वीजा पर नहीं हैं, बल्कि वह एक अमेरिकी नागरिक हैं।
सोशल मीडिया पर F-1 वीजा उल्लंघन का आरोप
टेक्सास के ह्यूस्टन में रहने वाली साधना गुल्लापुडी पर एक पोस्ट में आरोप लगाया गया कि वह लंबे समय से F-1 स्टूडेंट वीजा का इस्तेमाल कर रही हैं और लगातार अलग-अलग शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेकर अमेरिका में बनी हुई हैं। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि वह डांसर और कैश ट्यूटर के रूप में काम कर रही हैं, जो कि वीजा नियमों के खिलाफ है। इस पोस्ट के साथ उनके कुचिपुड़ी नृत्य का एक वीडियो भी साझा किया गया था।
अमेरिकी वकील ने दावों को बताया निराधार
मामला तूल पकड़ने के बाद ह्यूस्टन के वकील आरोन रिट्ज ने सामने आकर स्थिति साफ की। उन्होंने बताया कि उनकी टीम द्वारा की गई जांच के अनुसार साधना किसी स्टूडेंट वीजा पर नहीं हैं और वह कानूनन अमेरिकी नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में वीजा धोखाधड़ी को बहुत गंभीरता से लिया जाता है, लेकिन बिना किसी अवैध गतिविधि के नियमपूर्वक रहने वाले लोगों का देश में हमेशा स्वागत है।
साधना गुल्लापुडी की प्रतिक्रिया और रिपोर्ट करने की अपील
ऑनलाइन लगे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए साधना ने कहा कि उनके खिलाफ झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कंटेंट का बिना अनुमति इस्तेमाल कर गलत दावों के साथ दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया गया। साधना ने यूज़र्स से अपील की है कि वे ऐसी भ्रामक पोस्ट और कॉपीराइट उल्लंघन की रिपोर्ट करें।
फर्जी और विवादित सोशल मीडिया अकाउंट पर उठे सवाल
विवाद बढ़ने पर आरोप लगाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट की प्रामाणिकता पर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच में सामने आया कि इस अकाउंट की प्रोफाइल में खुद को एक पाकिस्तानी अभिनेता का फैन अकाउंट बताया गया है। विवाद गहराने पर इस प्रोफाइल को कुछ समय के लिए प्राइवेट भी कर दिया गया था। कुछ यूज़र्स ने इस अकाउंट पर भारत विरोधी एजेंडा चलाने का आरोप लगाया है। फिलहाल, साधना के खिलाफ वीजा उल्लंघन का कोई भी आधिकारिक मामला दर्ज नहीं हुआ है।

