CM Dhami Mussoorie देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में लगभग 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिना रुके और बिना थके अपने हर वादे को धरातल पर उतारने का काम कर रही है. कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में बने सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया.
CM Dhami Mussoorie:विकास कार्यों से बदलेगी मसूरी की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत ढांचे को मजबूत करते हुए विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है. साथ ही राज्य को खेल, पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है.
पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में मसूरी पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी वेडिंग डेस्टिनेशन या पर्यटन की बात होती है तो ‘पहाड़ों की रानी’ मसूरी का नाम सबसे पहले आता है. यहां आने वाले पर्यटक स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देते हैं, इसलिए सरकार मसूरी के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम कर रही है.
उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है. इसके अलावा मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है. वहीं जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना से कई गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है.
सड़क, बिजली और बाढ़ सुरक्षा पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य सीआरएफ योजना के तहत किया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है. इसके साथ ही सहस्त्रधारा में बाल्दी नदी के दोनों किनारों पर लगभग 1.5 किलोमीटर क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में भी सुरक्षा संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं.
‘झूठ और अफवाह फैलाकर लोगों को किया जा रहा गुमराह’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार अपने हर वादे को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है, लेकिन कुछ लोग झूठ और नकारात्मकता फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास अपनी कोई उपलब्धि नहीं है, वे अफवाहों के जरिए भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (UCC) और दंगों में सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से ही भरपाई कराने का कानून लागू किया गया है.
उन्होंने बताया कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी हुई है और 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं.
रोजगार और स्वरोजगार पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद (ODOP), हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलें शुरू की हैं.
उन्होंने दावा किया कि इन प्रयासों के कारण राज्य की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी आई है. साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है.
‘ऐसा उत्तराखंड बनाना लक्ष्य, जहां पलायन न करना पड़े’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाना चाहती है, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े और मातृशक्ति आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने.
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.
कार्यक्रम में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, भाजपा नेता वीर सिंह चौहान, सुनीता विद्यार्थी, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर और लक्ष्मण सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे.

