देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि परिवहन विभाग, भारत सरकार द्वारा पूंजी निवेश के लिए राज्य को विशेष सहायता योजना (Scheme for Special Assistance to State for Capital Investment) के अन्तर्गत चारधाम यात्रा मार्ग पर गढवाल मण्डल विकास निगम द्वारा ईवी चार्जिंग स्टेशन (EV Charging Station) स्थापित किये जा रहे हैं।
EV Charging Station से होगा फायदा
उक्त बात प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को सुभाष रोड़ स्थित अपने कैम्प कार्यालय पर चारधाम यात्रा तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा स्वीकृत तथा उत्तराखण्ड परिवहन निगम के द्वारा प्राप्त धनराशि के माध्यम से ईवी चार्जिंग स्टेशन (EV Charging Station) स्थापित करने के लिए गढवाल मण्डल विकास निगम को कार्यदायी संस्था बनाया गया है।
गढ़वाल मण्ड विकास निगम द्वारा लगाये जाने वाले EV Charging Station में Sharify Services Pvt Ltd के Statiq ब्रांड के चार्जर लगाए जायेंगे। यह Universal चार्जर होंगे जो कि सभी EV गाडियों को चार्ज करेंगे। एक चार्जर 60 किलोवाट का होगा जिसमें 30-30 किलोवाट की 02 गन होंगी।
सोलर चार्जर भी लगेगा
इसके अतिरिक्त एक 7.4 किलोवाट का Slow चार्जर भी होगा। गढ़वाल मण्डल विकास निगम द्वारा चारधाम यात्रा मार्ग पर निगम के 24 (चौबीस) पर्यटन आवास गृहों एवं परिवहन निगम के 04 (चार) बस स्टेशनों पर EV Charging Station स्थापित किये जाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त भारत सरकार के उपक्रम टिहरी हाइड्रो डेवलेपमेन्ट कार्पोरेशन (THDC) के द्वारा भी चारधाम यात्रा मार्ग पर गढ़वाल मण्डल विकास निगम के 14 (चौदह) पर्यटक आवास गृहों में EV Charging Station स्थापित किये जाने का कार्य किया जा रहा है।
पर्यटकों की सुविधा का ध्यान
पर्यटन मंत्री महाराज ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत एक स्टेट लेवल कन्ट्रोल रूम की स्थापना देहरादून स्थित उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद मुख्यालय में की गई है जो कि पूरे यात्राकाल के दौरान संचालित रहेगा। कन्ट्रोल रूम प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक संचालित रहेगा जो कि वर्तमान में भी संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और यात्रियों को लम्बी कतारों एवं अधिक समय तक प्रतिक्षा न करनी पड़े इसके लिए चारधाम यात्रा में धामों के दर्शन के लिए टोकन, स्लॉट की व्यवस्था प्रारम्भ की गयी है।
पंजीकरण, टोकन, सत्यापन व्यवस्था हेतु कार्यरत एजेन्सी के साथ पर्यटन विभाग के अधिकारियों द्वारा धामों का स्थलीय निरीक्षण जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों के द्वारा करने के साथ ही स्थल भी चयनित किये जाने प्रस्तावित हैं। इस व्यवस्था के लागू हो जाने पर किसी भी यात्री को लाईन में एक घंटे से अधिक का इंतजार नहीं कराना होगा।
पर्यटन मंत्री महाराज ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद् ने तीर्थयात्रियों, पर्यटकों को राज्य के सुदूर इलाकों में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आदि कैलाश, ओम पर्वत हेली दर्शन टूर पैकेज भी लॉन्च किया है। आदि कैलाश, ओम पर्वत हेली सेवा के माध्यम से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों को 4 रात और 5 दिन की यात्रा पैकेज की शुरूआत की गई है।
12 पर्यटकों का पहला दल 4 रात और 5 दिन के आदि कैलाश हेली टूर पैकेज के लिए 15 अप्रैल 2024 को पिथौरागढ़ पहुंचा था। इसके अलावा माह नवम्बर, 2024 से आरम्भ होने वाले शीतकालीन हैली दर्शन पैकेज के लिए पायलट रन अप्रैल-मई, 2024 से संचालित किये जा रहे हैं। इसके अन्तर्गत प्रत्येक बैच में 12 से 15 पर्यटक होंगे। आदि कैलाश एवं ओम पर्वत के हवाई दर्शन के दौरान कुल 06 हेलीकाप्टर आपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। वाईब्रेन्ट विलेज के तहत इन पर्यटकों को गूंजी, नाबी और नेपालचू में स्थित होमस्टे में रहने की व्यवस्था है।

