Dehradun voter list देहरादून : उत्तराखंड के देहरादून जिले में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत बड़ा अभियान शुरू किया गया है. इसके अंतर्गत 5.47 लाख मतदाताओं को घर-घर जाकर व्यक्तिगत नोटिस दिए जाएंगे. यह नोटिस उन मतदाताओं के लिए हैं, जिनकी जानकारी वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूची से मेल नहीं खा रही है या जिनके रिकॉर्ड अधूरे पाए गए हैं.
जिला प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को अपनी जानकारी सही कराने का एक और अवसर देना है, ताकि अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह सटीक और पारदर्शी बन सके.
Dehradun voter list:जिलाधिकारी ने लिया अभियान का जायजा
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को अजबपुरकलां पहुंचकर नोटिस वितरण अभियान का निरीक्षण किया. उन्होंने स्थानीय निवासी अरविंद नेगी के घर जाकर देखा कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) किस प्रकार मतदाताओं को नाम या अन्य विवरण में अंतर की जानकारी दे रहे हैं और आवश्यक दस्तावेजों की मांग कर रहे हैं.
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरी की जाए.
मतदाताओं को मिलेगा जानकारी सुधारने का अवसर
जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जिनकी मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में कोई त्रुटि है. उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि बीएलओ के लिए सरल भाषा में चेकलिस्ट और कार्यप्रणाली तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, ताकि नोटिस वितरण और दस्तावेज सत्यापन में किसी तरह की परेशानी न हो.
11.90 लाख से अधिक मतदाताओं का हो चुका सत्यापन
प्रशासन के अनुसार, 14 जुलाई को जारी प्रारूप मतदाता सूची के आधार पर अब तक 11,90,805 मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन किया जा चुका है. जिन मतदाताओं के रिकॉर्ड में विसंगतियां मिली हैं, उन्हें अब व्यक्तिगत नोटिस देकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा.
घर-घर पहुंचेगी बीएलओ टीम, ऐप पर होगी निगरानी
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस वितरित करेंगे और प्रत्येक वितरण की फोटो निर्वाचन आयोग के मोबाइल ऐप पर अपलोड करेंगे. इससे पूरी प्रक्रिया की डिजिटल निगरानी होगी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी.
उन्होंने सभी निर्वाचन अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर पूरी सावधानी और निष्पक्षता के साथ अभियान पूरा करने के निर्देश दिए.
पारदर्शी मतदाता सूची बनाने पर जोर
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है. प्रशासन का मानना है कि इससे योग्य मतदाताओं को मतदान के अधिकार का लाभ मिलेगा और चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता भी मजबूत होगी.

