Chamoli Khenuri Motor Road:चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के समीप स्थित अपर चमोली-खेनुरी मोटर मार्ग की वर्षों पुरानी बदहाल स्थिति अब बदलने वाली है. करीब 9 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का रास्ता साफ हो गया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों और लोक निर्माण विभाग (PWD) को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया तेज हो गई है.
Chamoli Khenuri Motor Road:योगिता कैंतुरा रावत की पहल लाई रंग
प्रधान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष एवं स्थानीय ग्राम प्रधान योगिता कैंतुरा रावत ने इस सड़क की जर्जर हालत और ग्रामीणों की समस्याओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने प्रमुखता से रखा. उन्होंने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण कर सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए.
2 हजार से अधिक आबादी के लिए जीवनरेखा है यह सड़क
वर्ष 2011 में निर्मित यह लगभग 9 किलोमीटर लंबा मोटर मार्ग 2,000 से अधिक आबादी वाले गांवों को जिला मुख्यालय गोपेश्वर से जोड़ता है लेकिन लंबे समय से रखरखाव नहीं होने के कारण सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है.
स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा पर पड़ रहा था असर
सड़क की खराब स्थिति का सीधा असर ग्रामीणों के जीवन पर पड़ रहा है. मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने में कठिनाई होती है, जबकि स्कूली बच्चों को भी रोजाना जोखिम भरा सफर तय करना पड़ता है.
इसके अलावा, सड़क पर उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी ढलानों में रिस रहा है. इससे भू-धंसाव का खतरा बढ़ गया है और कई ग्रामीण मकानों पर भी संकट मंडरा रहा है.
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद हरकत में आया प्रशासन
मुख्यमंत्री के निर्देश जारी होने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मार्ग का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त हिस्सों, ड्रेनेज सिस्टम और भू-धंसाव संभावित क्षेत्रों का विस्तृत आकलन किया, ताकि जल्द से जल्द मरम्मत और डामरीकरण का कार्य शुरू किया जा सके.
ग्रामीणों में खुशी की लहर
मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद क्षेत्र के लोगों में राहत और खुशी का माहौल है. स्थानीय ग्रामीणों को उम्मीद है कि सड़क के सुधरने से आवागमन आसान होगा, स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी तथा भू-धंसाव के खतरे को भी काफी हद तक कम किया जा सकेगा.
योगिता कैंतुरा रावत ने जताया आभार
प्रधान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष योगिता कैंतुरा रावत ने कहा कि यह सड़क पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा है. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के समक्ष समस्या रखने के बाद उन्होंने बिना देरी किए अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए. रावत ने इस जनहित के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क के सुधारीकरण से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा.

