पीलीभीत से टिकट कटा फिर कांग्रेस का ऑफर भी ठुकराया, अब लिखा बेहद भावुक पोस्ट

वरुण गांधी ने पीलीभीत वासियों के लिए लिखा भावुक पोस्‍ट 

पीलीभीत। भाजपा से ट‍िकट कटने के बाद मौजूदा सांसद वरुण गांधी ने ऐलान किया कि वह पीलीभीत सीट से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इनके बाद आज सुबह उन्‍हें सोशल मीडिया एक्‍स पर पीलीभीत वासियों के लिए एक भावुक पोस्‍ट लिखा है। उन्‍होंने लिखा कि मेरा और पीलीभीत का रिश्ता प्रेम और विश्वास का है, जो राजनीतिक गुणा-भाग से बहुत ऊपर है। वरुण गांधी ने पीलीभीत के लोगों को प्रणाम करते हुए लिखा, ‘मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे वर्षों पीलीभीत की महान जनता की सेवा करने का मौका मिला। महज एक सांसद के तौर पर ही नहीं, बल्कि एक व्यक्ति के तौर भी मेरी परवरिश और मेरे विकास में पीलीभीत में मिले आदर्श, सरलता, और सहृदयता का बहुत बड़ा योगदान है। आपको प्रतिनिधि होना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है और मैंने हमेशा अपनी पूरी क्षमता से आपके हितों के लिए आवाज उठाई है।’

कांग्रेस ने दिया पार्टी ज्वाइन करने का ऑफर
बता दें कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने वरुण गांधी को कांग्रेस ज्वॉइन करने का ऑफर दिया है। अधीर रंजन चौधरी ने बीजेपी पर करारा वार करते हुए यहां तक कह दिया कि वरुण को गांधी होने की कीमत चुकानी पड़ रही है। गांधी परिवार से ताल्लुक रखने की वजह से बीजेपी ने उनका टिकट काट दिया है। इसके साथ ही अधीर रंजन ने राहुल गांधी के चचेरे भाई वरुण गांधी की तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए कहा, “वह एक बड़े, सुशिक्षित और साफ छवि के राजनेता हैं। हम चाहते हैं कि वरुण गांधी अब कांग्रेस में शामिल हों। अगर पार्टी ज्वॉइन करते हैं, तो हमें खुशी होगी।” लेकिन बताया जा रहा है कि वरूण ने यह ऑफर ठूकरा दिया है।

Latest news

Related news