आईपीएल 2026 का रोमांच फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। अब तक पांच मैच हुए हैं और पांचों में कड़ी टक्कर देखने को मिली है। बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स ने मुश्किलों से पार पाते हुए लखनऊ सुपर जाएंट्स को छह विकेट से हराया। इस जीत में सबसे अहम भूमिका युवा बल्लेबाज समीर रिजवी ने निभाई। उन्होंने 47 गेंद में पांच चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 70 रन की पारी खेली।हालांकि, इस मैच से ज्यादा समीर रिजवी किसी और वजह से सुर्खियों में आ गए हैं। वजह उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक मिस्ट्री गर्ल के साथ जुड़ी डेटिंग की चर्चाएं हैं। सोशल मीडिया पर इंडो-कनाडाई मॉडल और प्रेजेंटर येशा सागर का नाम उनके साथ जोड़ा जा रहा है। एक रेडिट पोस्ट से शुरू हुई यह चर्चा अब बड़े स्तर पर वायरल हो चुकी है।
कौन हैं समीर रिजवी?
उत्तर प्रदेश से आने वाले समीर रिजवी ने आईपीएल 2024 के ऑक्शन में कमाल दिखाया था। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को चेन्नई सुपर किंग्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस ऑक्शन से पहले तक शायद ही कोई समीर को जानता था, लेकिन नीलामी में करोड़पति बन इस खिलाड़ी ने तहलका मचा दिया था। हालांकि, एक साल बाद ही चेन्नई ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसके बाद वह 2025 में दिल्ली में गए और इस सीजन भी दिल्ली के लिए ही खेल रहे हैं।समीर को यूपी की टीम में उनकी बल्लेबाजी के लिए दाएं हाथ सुरेश रैना 2.0 कहा जाता है। समीर ने अपने क्रिकेट करियर में सिर्फ यूपी ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में भी आयोजित कई टूर्नामेंट, ट्रॉफी खेलीं। उन्होंने हर जगह अपनी शानदार बल्लेबाजी का कमाल दिखाया। उन्होंने आईपीएल 2025 से पहले ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने 95 लाख रुपये में साइन किया था।
रेडिट पोस्ट से शुरू हुआ पूरा मामला
इस कहानी की शुरुआत एक रेडिट यूजर के दावे से हुई, जिसमें कहा गया कि समीर रिजवी और येशा सागर एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। इसके बाद कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने दावा किया, 'हां, 100 प्रतिशत… वह उनके साथ आईपीएल 2025 के मैचों में भी दिखी थीं।' बस यहीं से यह मामला तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
मैचों में दिखने से बढ़ीं अटकलें
फैंस का दावा है कि येशा सागर को आईपीएल 2025 के दौरान दिल्ली कैपिटल्स के कई मैचों में देखा गया था। इसके अलावा वह यूपी टी20 लीग में भी बतौर होस्ट नजर आईं, जहां समीर रिजवी कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान हैं। दोनों की एक ही इवेंट्स और मैचों में मौजूदगी ने इन अफवाहों को और हवा दे दी।
कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं
हालांकि, इन सभी चर्चाओं के बीच सबसे अहम बात यह है कि न तो समीर रिजवी और न ही येशा सागर ने इन अफवाहों पर कोई प्रतिक्रिया दी है। अब तक कोई विश्वसनीय या आधिकारिक स्रोत भी इस रिश्ते की पुष्टि नहीं करता। ऐसे में यह मामला पूरी तरह सोशल मीडिया पर आधारित कयास ही माना जा रहा है। अमर उजाला भी इस दावे की पुष्टि नहीं करता है।
कौन हैं येशा सागर?
येशा सागर का नाम भले ही इस मामले से जुड़कर चर्चा में आया हो, लेकिन वह पहले से ही एंटरटेनमेंट और क्रिकेट जगत में अपनी पहचान बना चुकी हैं।येशा सागर का जन्म 14 दिसंबर 1996 को पंजाब के लुधियाना में हुआ। उन्होंने खालसा कॉलेज से पढ़ाई की और बाद में कनाडा के टोरंटो जाकर सेनेका कॉलेज से उच्च शिक्षा प्राप्त की।येशा सागर ने 2017 के आसपास पंजाबी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रखा। अब तक वह 30 से ज्यादा म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने गिप्पी ग्रेवाल और परमीश वर्मा जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम किया है।उनका एक चर्चित म्यूजिक वीडियो 'चिरी उड़ का उड़' रहा है। इसके अलावा वह कॉमेडियन कपिल शर्मा के साथ भी एक प्रोजेक्ट में नजर आ चुकी हैं।इसके साथ ही येशा क्रिकेट प्रेजेंटेशन में भी सक्रिय हैं। वह मेजर लीग क्रिकेट और एसएटी20 समेत कई लीग्स में होस्टिंग कर चुकी हैं।
आईपीएल में बढ़ती लोकप्रियता
आईपीएल जैसे बड़े मंच पर जैसे-जैसे खिलाड़ी लोकप्रिय होते हैं, उनकी निजी जिंदगी भी सुर्खियों में आ जाती है।समीर रिजवी के साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। उनके प्रदर्शन के साथ-साथ अब उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।यह ट्रेंड नया नहीं है, हर सीजन में कई खिलाड़ियों के नाम इस तरह की अफवाहों से जोड़े जाते हैं।
फैंस के लिए क्या है सच?
फिलहाल यह साफ है कि यह पूरी कहानी सिर्फ सोशल मीडिया दावों और अटकलों पर आधारित है। जब तक दोनों में से कोई आधिकारिक बयान नहीं देता, तब तक इन खबरों को पुष्टि के तौर पर नहीं देखा जा सकता।

