रिकॉर्ड से बस 16 रन दूर अभिषेक शर्मा, कोहली-केएल राहुल वाले एलीट क्लब में एंट्री तय?

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का पहला मुकाबला गुरुवार को खेला जाना है। इस दौरे पर युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पास इतिहास रचने का शानदार अवसर है। केवल 16 रन बनाते ही वह विराट कोहली और केएल राहुल जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के विशेष क्लब में शामिल हो जाएंगे।

अभिषेक के सामने इतिहास रचने का मौका

अभिषेक ने अब तक टी-20 क्रिकेट की 199 पारियों में कुल 5,984 रन बनाए हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ इस सीरीज के दौरान मात्र 16 रन बनाते ही उनके इस फॉर्मेट में छह हजार रन पूरे हो जाएंगे। वह इस बड़ी उपलब्धि को हासिल करने वाले देश के चौथे बल्लेबाज बन जाएंगे। उनसे पहले यह मुकाम सिर्फ विराट कोहली, केएल राहुल और शुभमन गिल ही अपने नाम कर पाए हैं।

सबसे तेज छह हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी

देश के लिए टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज छह हजार रन पूरे करने का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम है, जिन्होंने यह आंकड़ा 166 पारियों में छुआ था। इसके अलावा विराट कोहली ने इसके लिए 184 पारियां खेली थीं, जबकि शुभमन गिल ने 185 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था।

इसके साथ ही, यदि अभिषेक इस श्रृंखला में 142 रन बना लेते हैं, तो वह देश की तरफ से टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में शिखर धवन को पीछे छोड़ देंगे। वर्तमान में अभिषेक ने 53 मुकाबलों में 1,618 रन बनाए हैं, जबकि धवन के नाम 68 मैचों में 1,759 रन दर्ज हैं।

एक और रिकॉर्ड पर नजर

जिम्बाब्वे के खिलाफ इस टी-20 श्रृंखला में 16 रन बनाते ही अभिषेक दोनों देशों के बीच आपसी टी-20 मुकाबलों में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन जाएंगे। फिलहाल वह इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं और छह मैचों में 179 रन बना चुके हैं। इस सूची में उनसे आगे केवल जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा हैं, जिन्होंने 11 मैचों में 194 रन बनाए हैं।

अभिषेक को जिम्बाब्वे की गेंदबाजी शैली बेहद रास आती है और वह अपनी बेहतरीन फॉर्म से इस सीरीज में एक बार फिर गहरी छाप छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पिछली तीन पारियों में उन्हें संघर्ष करना पड़ा था, ऐसे में वह इस दौरे पर वापसी करने के लिए पूरा जोर लगाएंगे।

Latest news

Related news