10 करोड़+ सैलरी वाले 13 खिलाड़ी फेल! IPL 2026 में पैसा लगा, पर प्रदर्शन नहीं मिला

आईपीएल 2026 में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिन पर फ्रेंचाइजी ने 10 करोड़ से ज्यादा खर्च किए, लेकिन उनका प्रदर्शन अब तक उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। ये खिलाड़ी अपनी टीमों के लिए मैच विनर बनने की बजाय संघर्ष करते नजर आए हैं, जिससे फैंस और एक्सपर्ट्स दोनों हैरान हैं। आइए पहले उन क्रिकेटरों के नाम जानते है..

आईपीएल 2026: 10 करोड़ से ऊपर की
सैलरी वाले फ्लॉप खिलाड़ी

खिलाड़ी  टीम IPL 2026
सैलरी
ऋषभ पंत LSG ₹27.00 करोड़
कैमरन ग्रीन KKR ₹25.20 करोड़
निकोलस पूरन LSG ₹21.00 करोड़
ऋतुराज गायकवाड़ CSK ₹18.00 करोड़
अर्शदीप सिंह PBKS ₹18.00 करोड़
जसप्रीत बुमराह MI ₹18.00 करोड़
सूर्यकुमार यादव MI ₹16.35 करोड़
कार्तिक शर्मा CSK ₹14.20 करोड़
प्रशांत वीर CSK ₹14.20 करोड़
रियान पराग RR ₹14.00 करोड़
रिंकू सिंह KKR ₹13.00 करोड़
ट्रेंट बोल्ट MI ₹12.50 करोड़
वरुण चक्रवर्ती KKR ₹12.00 करोड़

.लखनऊ के दो सबसे महंगे खिलाड़ी फ्लॉप

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये में शामिल किया था और वह इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं, लेकिन अब तक वह अपनी कीमत के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए। इस वजह से उनकी टीम भी संघर्ष करती दिख रही है। इसी तरह उन्हीं की टीम के निकोलस पूरन भी बड़े स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। पूरन को लखनऊ ने 21 करोड़ रुपये में अपनी टीम में रिटेन किया था। पूरन ने अब तक इस सीजन पांच पारियों में 42 रन बनाए हैं। यानी अब तक उनके हर एक रन लखनऊ को 50 लाख रुपये का पड़ रहा है। पंत ने अब तक पांच पारियों में 26 की औसत और 133 के स्ट्राइक रेट से 104 रन बनाए हैं।

कैमरन ग्रीन का फ्लॉप शो

केकेआर के फैंस इस समय काफी निराश हैं और इस नाराजगी के केंद्र में एक नाम है- कैमरन ग्रीन। 25.20 करोड़ रुपये में टीम से जुड़े ग्रीन से उम्मीदें बहुत ज्यादा थीं, लेकिन पांच पारियों के बाद उन्होंने सिर्फ 56 रन बनाए हैं। इसका मतलब है कि उनका हर एक रन अभी लगभग 45 लाख रुपये का पड़ रहा है, जो एक प्रीमियम ऑलराउंडर के हिसाब से बेहद निराशाजनक प्रदर्शन है।स्थिति और खराब तब हो गई जब गेंदबाजी में भी उनका प्रभाव नजर नहीं आया। शुरुआत में उन्होंने गेंदबाजी करने से हिचक दिखाई और जब सीएसके के खिलाफ उन्हें मौका मिला, तो उन्होंने दो ओवर में 30 रन लुटा दिए। उनका इकॉनमी रेट 15 रहा और वह कोई विकेट भी नहीं ले सके। इस प्रदर्शन ने सीएसके को 192 रन का मजबूत स्कोर बनाने में मदद की। लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर को अपने बड़े खिलाड़ियों से उम्मीद थी, लेकिन ग्रीन यहां भी फेल रहे। नूर अहमद ने उन्हें गोल्डन डक पर आउट कर दिया, जिससे पहले से दबाव में चल रही टीम की बल्लेबाजी और कमजोर हो गई।

चेन्नई को नहीं भा रहे ये तीन महंगे खिलाड़ी

चेन्नई सुपर किंग्स ने ऋतुराज गायकवाड़ पर भरोसा दिखाते हुए उन्हें एक और सीजन में कप्तानी सौंपी, लेकिन लगता है ऋतुराज कप्तानी का दबाव नहीं झेल पा रहे हैं। ऋतुराज को सीएसके ने 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। उनसे कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन वह लगातार रन बनाने में संघर्ष कर रहे हैं। उनकी वजह से सीएसके को अब तक एक अच्छी ओपनिंग नहीं मिल सकी है।वह पांच पारियों में केवल 63 रन बना सके हैं। 28 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। वहीं, सीएसके ने 14.2 करोड़ में दो युवा खिलाड़ियों को खरीदा था। कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर, लेकिन दोनों ही ज्यादा मैच नहीं खेल पाए और बेंच पर बैठा दिए गए। प्रशांत ने दो मैचों में 49 की औसत और 136.11 के स्ट्राइक रेट से 49 रन बनाए हैं। इसमें 43 रन उनका सर्वश्रेष्ठ है, लेकिन ज्यादा गेंदबाजी उनसे नहीं कराई गई। वहीं, कार्तिक तीन पारियों में केवल 25 रन बना सके हैं। 

मुंबई के तीन स्टार खिलाड़ी भी फ्लॉप

वहीं, मुंबई की टीम में 18 करोड़ रुपये की सैलरी वाले जसप्रीत बुमराह और 16.35 करोड़ रुपये की सैलरी वाले सूर्यकुमार यादव भी अपने स्तर का प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। सूर्या ने चार पारियों में 26.50 की औसत और 153.62 के स्ट्राइक रेट से केवल 106 रन बनाए हैं। वहीं, बुमराह इस सीजन अब तक चार मैचों में एक भी विकेट नहीं ले सके हैं। इसका असर मुंबई के प्रदर्शन पर भी दिखा है और टीम चार मैचों में सिर्फ एक मैच जीत सकी है और अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। इसके अलावा मुंबई ने 12.50 करोड़ रुपये की कीमत में ट्रेंट बोल्ट पर भरोसा जताया था, लेकिन बोल्ट काफी महंगे रहे हैं। वह तीन मैचों में सिर्फ एक विकेट ले सके हैं। उनका इकोनॉमी रेट 12.22 का रहा है।

इन दो स्टार गेंदबाजों ने भी किया निराश

18 करोड़ रुपये की सैलरी वाले अर्शदीप सिंह (पंजाब किंग्स) और 12 करोड़ रुपये की सैलरी वाले वरुण चक्रवर्ती (कोलकाता नाइट राइडर्स) जैसे गेंदबाज भी मैच पर प्रभाव डालने में नाकाम रहे हैं। वरुण अपनी स्पिन का जादू नहीं दिखा पाए हैं और केकेआर के कप्तान रहाणे ने तो सीएसके के खिलाफ मैच में उन्हें कोटे के चार ओवर भी नहीं कराए। वरुण ने इस सीजन अब तक चार मैचों में एक भी विकेट नहीं ले सके हैं। वहीं, अर्शदीप ने चार मैचों में दो विकेट लिए हैं। अर्शदीप का इकोनॉमी रेट 10.64 का रहा है।

मिड-रेंज महंगे खिलाड़ी भी उम्मीदों पर खरे नहीं

केकेआर के उपकप्तान रिंकू सिंह और राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग भी अब तक खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। इन खिलाड़ियों से मिडिल ऑर्डर को मजबूती देने की उम्मीद थी, लेकिन प्रदर्शन अस्थिर रहा है। आरआर में रियान की सैलरी 14 करोड़ रुपये है और उन्होंने इस सीजन पांच मैचों में 49 रन बनाए हैं। उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी 20 रन की है। वहीं, रिंकू चार पारियों में केवल 78 रन बना सके हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी कम हुआ है। इस सीजन वह अब तक 120 के स्ट्राइक रेट से रन बना पाए हैं।

लिस्ट से इतर, पर इस खिलाड़ी का प्रदर्शन भी निराशाजनक

10 करोड़ की सैलरी वाले खिलाड़ियों के इतर भी एक खिलाड़ी ऐसा है, जिसका प्रदर्शन निराश करने वाला रहा है। मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा भी आईपीएल 2026 में अब तक अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नजर नहीं आए हैं। अब तक टूर्नामेंट में उन्होंने चार पारियों में कुल 35 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 8.75 और स्ट्राइक रेट 120.68 रहा है, जो उनकी क्षमता के मुकाबले काफी निराशाजनक है। उन्हें मुंबई ने आठ करोड़ रुपये में रिटेन किया है। 

टीमों पर पड़ रहा असर

इन महंगे खिलाड़ियों के फ्लॉप रहने का सीधा असर टीमों के प्रदर्शन पर भी पड़ा है। कई टीमें अंक तालिका में नीचे हैं, जबकि कुछ को जीत के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में जहां हर मैच अहम होता है, वहां बड़े खिलाड़ियों का फेल होना टीम की रणनीति पर सवाल खड़े करता है। 

Latest news

Related news