देश में हमले की साजिश का शक, भारत-पाक सीमा से RDX और हथियार बरामद

रावला। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे रावला क्षेत्र में सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हथियार और खतरनाक विस्फोटक सामग्री गिराए जाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 12 केएनडी पंचायत के चक 4 केएनएम स्थित एक खेत में खानुवाली बीएसएफ पोस्ट से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर संदिग्ध सामग्री मिलने की सूचना पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सीआईडी और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है।

दो तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार व आरडीएक्स बरामद

सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंजाब निवासी 19 वर्षीय दो युवकों, लखविंदर सिंह और सुखविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। मौके से बरामद किए गए तीन पैकेटों में से दो से तुर्की निर्मित दो जिगाना पिस्टल, चार मैगजीन और लगभग 867 कारतूस मिले हैं, जबकि तीसरे पैकेट में करीब साढ़े सात किलोग्राम खतरनाक आरडीएक्स (RDX) विस्फोटक होने की पुष्टि हुई है। इस आरडीएक्स को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय करने के लिए जयपुर से बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है। इसके अलावा मौके से चार जोड़ी बैटरी और दो रिमोट कंट्रोल जैसी संदिग्ध डिवाइस भी मिली हैं, जिनका उपयोग विस्फोट के लिए किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मजदूरी के बहाने रेकी और ड्रोन से सामग्री गिराने की साजिश

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी मजदूरी करने के बहाने क्षेत्र में आए थे और पिछले तीन दिनों से इलाके की लगातार रेकी कर रहे थे। ड्रोन के जरिए यह सीमा पार सामग्री संभवतः देर रात 12 से 2 बजे के बीच गिराई गई थी। एएनटीएफ को तड़के करीब तीन बजे इसकी भनक लगी, जिसके बाद सभी सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई से एक बड़ी आतंकी व आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया गया है। फिलहाल आरोपियों के नेटवर्क, संपर्कों और हथियारों के मूल स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास और पिछले तार

मामले की जांच में यह भी उजागर हुआ है कि गिरफ्तार सुखविंदर सिंह का नाम कुछ समय पूर्व पंजाब के बटाला में स्थित एक पुलिस चौकी पर हुए ग्रेनेड हमले में शामिल था और वह लगातार फरार चल रहा था। गौरतलब है कि इससे पूर्व अंबाला में पकड़े गए संदिग्धों से हुई पूछताछ में यह खुलासा हुआ था कि पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी ने राजस्थान में आईईडी धमाके की साजिश रची थी, जो विफल हो गई थी। सुरक्षा एजेंसियां इस ताजा मामले को भी उसी अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क से जोड़कर गहन जांच में जुट गई हैं।

Latest news

Related news