हादसे के बाद प्रशासन सख्त, सुपरवाइजर पर गिरी गाज और कंपनी हुई ब्लैकलिस्ट

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क दो स्थित कलाधाम सोसायटी में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बोरवेल के गड्ढे में भरे पानी में डूबने से 6 वर्षीय मासूम बालक की जान चली गई। घटना का संज्ञान लेते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने ठेकेदार की गंभीर लापरवाही को हादसे की वजह बताया। प्राधिकरण ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। इसके अलावा, अपने कर्तव्यों में कोताही बरतने के आरोप में प्राधिकरण के जल विभाग के तकनीकी सुपरवाइजर और सुपरवाइजर दोनों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करते हुए उन पर भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

निर्माणाधीन नलकूप के गड्ढे में गिरा मासूम

कलाधाम सोसायटी में जलापूर्ति को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तीन दिन पूर्व नलकूप निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। आरोप है कि ठेकेदार ने कार्य की पूर्व सूचना जल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी और बिना सुरक्षा इंतजामों के नलकूप का गड्ढा खोद दिया। शनिवार देर शाम सोसायटी निवासी व केंद्रीय विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य सीवान यादव का 6 वर्षीय पुत्र अव्यान सूर्या खेलते-खेलते पानी से भरे इस गहरे गड्ढे में जा गिरा और डूबने से उसकी मृत्यु हो गई।

प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा, कड़ी सुरक्षा के निर्देश

हादसे की खबर मिलते ही प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा और सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी सहित अधिकारियों का अमला तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और कार्यस्थल की सुरक्षा घेराबंदी कराई। घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीईओ ने सभी वर्क सर्किलों को सख्त हिदायत दी है कि बिना उचित बैरिकेडिंग और पुख्ता सुरक्षा उपायों के कोई भी निर्माण कार्य शुरू न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही पाए जाने पर संबंधित स्टाफ और ठेकेदार पर कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई होगी।

ठेकेदार और लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर एफआईआर

प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा की शिकायत पर नॉलेज पार्क कोतवाली में निर्माण फर्म 'सुप्रीम इंडस्ट्रियल कारपोरेशन' के प्रोपराइटर मनोज कुमार जैन के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया है। साथ ही, अपनी जिम्मेदारी में घोर लापरवाही के जिम्मेदार पाए गए प्राधिकरण के तकनीकी सुपरवाइजर आकाश कुमार और सुपरवाइजर जानी कुमार के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हेतु पुलिस को तहरीर दी गई है।

Latest news

Related news