नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हुए 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने भारत लौटने का एलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वह भारत के लिए रवाना हो रहे हैं और अपना भविष्य संविधान के हाथों में छोड़ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने 'जयभीम' का नारा भी लगाया।
धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने भारत आ रहे दीपके
अभिजीत दीपके ने अमेरिका (बोस्टन) से रवाना होने से पहले एक वीडियो जारी कर अपनी वापसी का मकसद साफ किया है। उन्होंने कहा कि वह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने के लिए स्वदेश लौट रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के मुताबिक, वह 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे।
अभिजीत ने वीडियो में कहा कि पेपर लीक के कारण देश के लाखों छात्रों की मेहनत बर्बाद हुई है और परेशान होकर कुछ नीट (NEET) परीक्षार्थियों ने खुदकुशी तक कर ली है। इन सब बातों के लिए शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
देश के 1 करोड़ से अधिक छात्रों का भविष्य दांव पर
व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अभिजीत ने कहा कि इस समय देश के करीब 1 करोड़ से ज्यादा छात्रों की जिंदगी के साथ मजाक किया गया है। इनमें नीट के 22 लाख, सीबीएसई के 17 लाख, सीयूईटी के 16 लाख और एसएससी-जीडी के 14 लाख छात्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर 8 लाख से ज्यादा बच्चों ने याचिका पर हस्ताक्षर किए हैं और करोड़ों लोग सोशल मीडिया पर अपना समर्थन दे चुके हैं। लखनऊ, दिल्ली और महाराष्ट्र समेत देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सिस्टम पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। दीपके के मुताबिक, इतनी बड़ी लापरवाही के बाद भी अगर कोई जिम्मेदारी नहीं तय होती है, तो इसका मतलब है कि देश में जवाबदेही खत्म हो चुकी है।
एयरपोर्ट से सीधे पुलिस स्टेशन जाने का प्लान
अभिजीत ने अपने समर्थकों से अपील की है कि वे 6 जून की सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पर उनसे मिलें। वहां से वे सभी मिलकर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से लोकतांत्रिक प्रदर्शन करने की इजाजत मांगेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि देश का संविधान नागरिकों को शांतिपूर्वक अपनी आवाज उठाने का अधिकार देता है।
गिरफ्तारी और जेल के डर पर क्या बोले?
अभिजीत ने वीडियो के आखिर में अपनी सुरक्षा और गिरफ्तारी की आशंकाओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उनके दोस्तों और परिवार वालों को डर है कि भारत पहुंचते ही उन्हें एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
इस पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें आज भी देश के लोकतंत्र और संविधान पर पूरा भरोसा है। जेल के डर को खारिज करते हुए उन्होंने कहा, "हम कब तक डरकर जिएंगे? यह देश किसी एक पार्टी का नहीं बल्कि हम सबका है, और जब हमारा भविष्य बर्बाद हो रहा हो तो आवाज उठाना जरूरी है।" उन्होंने खुद को महात्मा गांधी, डॉ. बी.आर. आंबेडकर, भगत सिंह और जवाहरलाल नेहरू का प्रशंसक बताया।

