Surkhi Assembly Constituency भोपाल/सागर : मध्य प्रदेश के सागर जिले की सुरखी विधानसभा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष भाई लालमिया ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली. उन्होंने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के समक्ष मातेश्वरी निवास पहुंचकर भाजपा का दामन थामा.
इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सभी नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का भाजपा का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और पार्टी में उनका अभिनंदन किया.
Surkhi Assembly Constituency : ‘भाजपा की विकास नीति से प्रभावित होकर लोग जुड़ रहे हैं’
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, विकास और जनसेवा की विचारधारा पर कार्य करने वाली पार्टी है. नवप्रवेशी कार्यकर्ता संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान
गोविंद सिंह राजपूत ने सभी कार्यकर्ताओं से क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से सुरखी विधानसभा में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश और राष्ट्र के विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया.
भाई लालमिया बोले- विकास के लिए भाजपा के साथ करेंगे काम
भाजपा में शामिल होने के बाद भाई लालमिया ने कहा कि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत द्वारा कराए गए विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने यह निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि वे और उनके समर्थक अब भाजपा के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करेंगे.
सैकड़ों समर्थकों ने भी थामा भाजपा का दामन
कार्यक्रम के दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला प्रभारी सलीम रंगरेज़, पम्मा कुरैशी, नगर परिषद उपाध्यक्ष जहीर कुरैशी, पार्षद नहींम मंसूरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. भाई लालमिया के साथ आए सैकड़ों समर्थकों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया.
भाजपा नेताओं का दावा है कि इस राजनीतिक घटनाक्रम से सुरखी विधानसभा में पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी चुनावों में संगठन को इसका लाभ मिलेगा.





