धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में शासकीय राशन वितरण में भारी लापरवाही और धांधली का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। धरमपुरी तहसील के ग्राम पिपलियाखुट में सेल्समैन द्वारा चार महीनों से राशन न बांटने की शिकायत पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान को सील कर दिया है।
मशीन पर अंगूठा लगवाकर नहीं दिया राशन
ग्रामीणों का आरोप है कि सेल्समैन हर महीने बायोमेट्रिक मशीन पर उनके अंगूठे का निशान तो लगवा लेता था, लेकिन राशन सामग्री नहीं देता था। लगातार चार महीने से राशन से वंचित ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए धरमपुरी तहसीलदार अंजलि गुप्ता रविवार को राजस्व दल के साथ जांच करने पिपलियाखुट पहुंचीं।
जांच के दौरान सेल्समैन मिला गायब
प्रशासनिक टीम जब जांच के लिए पहुंची, तो सेल्समैन दुकान से गायब मिला। जब उससे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उसका मोबाइल भी बंद पाया गया। दुकान के रिकॉर्ड्स और स्टॉक की जांच में कई गंभीर वित्तीय अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद तहसीलदार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राशन दुकान को सील करने के आदेश दिए।
अन्य गांवों से भी मिलीं शिकायतें, होगी विभागीय जांच
तहसीलदार अंजलि गुप्ता ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच अब खाद्य विभाग की टीम द्वारा की जाएगी। वहीं, आसपास के ग्राम डोंगरी, दसोड़ा और अन्य पंचायतों से भी राशन वितरण में गड़बड़ी की समान शिकायतें मिली हैं। दोषी सेल्समैनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर उप-विभागीय अधिकारी (SDM) कार्यालय भेजा गया है। प्रशासन के इस कड़े कदम से क्षेत्र के अन्य लापरवाह सेल्समैनों में हड़कंप मच गया है।

