भोपाल। त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने देश के विभिन्न राज्यों के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का बड़ा फैसला लिया है। ट्रेन में सीमित सीटों और अत्यधिक यात्रियों के कारण होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के लिए यह कदम उठाया गया है। रेलवे के इस निर्णय से मध्य प्रदेश के भीतर और अन्य राज्यों के बीच आवागमन काफी सुगम हो जाएगा।
मध्य प्रदेश के 30 स्टेशनों को मिलेगा सीधा लाभ
इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, हरियाणा और दिल्ली के साथ कनेक्टिविटी में जबरदस्त सुधार होगा। इसके अलावा, भोपाल, बीना, इटारसी, कटनी, सतना, जबलपुर, ग्वालियर, गुना और रतलाम समेत मध्य प्रदेश के करीब 30 प्रमुख रेलवे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
त्योहारी स्पेशल ट्रेनों की पूरी सूची और समय सारिणी
यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नियमित ट्रेनों के अलावा अतिरिक्त कोच लगाने और कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है, जिससे विशेषकर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की यात्रा आसान होगी:
अजमेर–रांची पूजा स्पेशल (ट्रेन नंबर 09619/09620): यह ट्रेन सप्ताह में एक बार 2 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी। मध्य प्रदेश में यह रुठियाई, गुना, सागर, दमोह, कटनी, ब्यौहारी और सिंगरौली रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।
जोधपुर–चेन्नई बीच पूजा स्पेशल (ट्रेन नंबर 04815/04816): साप्ताहिक रूप से चलने वाली यह ट्रेन 3 अक्टूबर से 1 दिसंबर के बीच चलाई जाएगी। यह एमपी के रुठियाई, गुना, बीना, भोपाल और इटारसी स्टेशनों पर ठहराव लेगी।
दिल्ली–अशोकनगर धार्मिक आयोजन स्पेशल (ट्रेन नंबर 04004/04003): यह विशेष ट्रेन दिल्ली से प्रस्थान कर फरीदाबाद, कोसी कलां, मथुरा, गंगापुर सिटी, सोगरिया और गुना के रास्ते अशोकनगर पहुंचेगी।
रानी कमलापति–गया पितृपक्ष स्पेशल (ट्रेन नंबर 01661/01662): पितृपक्ष के दौरान गयाजी की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह ट्रेन 27 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच चलाई जाएगी। मध्य प्रदेश में इसका स्टॉपेज रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर और सतना में रहेगा।
पुणे–गोरखपुर स्पेशल (ट्रेन नंबर 01415/01416): यह ट्रेन 9 अक्टूबर से 22 नवंबर के बीच पटरी पर दौड़ेगी। प्रदेश के खंडवा, इटारसी, भोपाल और बीना जंक्शन पर इस ट्रेन का ठहराव तय किया गया है।
मुंबई CSMT–गोरखपुर स्पेशल (ट्रेन नंबर 01079/01080): कुल 43 फेरे लगाने वाली यह ट्रेन 11 अक्टूबर से 22 नवंबर के बीच संचालित होगी। मध्य प्रदेश में यह खंडवा, इटारसी, भोपाल और बीना स्टेशनों पर रुकेगी।
रानी कमलापति–रीवा पूजा स्पेशल (ट्रेन नंबर 02191/02192): यह विशेष ट्रेन 17 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच भोपाल के रानी कमलापति और रीवा के बीच चलाई जाएगी। रीवा से यह दोपहर 12:30 बजे चलकर रात 9:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। वापसी में रात 10:15 बजे रानी कमलापति से रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:20 बजे रीवा पहुंचेगी। रास्ते में यह विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर और सतना स्टेशनों पर रुकेगी।
रीवा–डॉ. अंबेडकर नगर पूजा स्पेशल (ट्रेन नंबर 01710/01709): विंध्य और मालवा क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन 10 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच संचालित होगी। दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ महापर्व पर यात्रा करने वालों के लिए यह बेहद उपयोगी साबित होगी। इसका ठहराव सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी, नर्मदापुरम, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, देवास और इंदौर स्टेशनों पर रहेगा।

